एटा कोतवाली देहात क्षेत्र में महिंद्रा एजेंसी के पास शुक्रवार देर रात रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 5 साल के मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायल का इलाज चल रहा है। हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार एटा में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम देखने आ रहे थे। इसी दौरान महिंद्रा एजेंसी के पास रोडवेज बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। घायल गोविंद के मुताबिक, वे रात करीब 11:30 बजे एटा आ रहे थे। इसी दौरान रोडवेज बस ने अचानक कट मारा और बाइक बस में जा घुसी। गोविंद ने बताया कि बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। बच्चे समेत दो की मौत पुलिस के मुताबिक, हादसे में देतई, थाना मिरहची निवासी श्याम सुंदर (पुत्र राजेंद्र) और गंगानगर, कोतवाली देहात निवासी 5 वर्षीय अर्जुन (पुत्र पवन) की मौत हुई है। गोविंद घायल हुआ है, जिसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। मृतक श्याम सुंदर के छोटे भाई ने बताया कि वे कृष्ण जन्माष्टमी देखने एटा जा रहे थे। हनुमान गढ़ी के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनके भाई और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि भाई के दोस्त का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और बस चालक के संबंध में जांच कर रही है।

