उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व स्थित ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर की जन्माष्टमी पर पुताई नहीं होने पर सिरमौर विधायक और रीवा रियासत के युवराज दिव्यराज सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने मंदिर की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन से सवाल किए। दिव्यराज सिंह का कहना है कि 13वीं सदी से भी पुराने मंदिर की नियमित देखरेख होनी चाहिए। तीन-चार साल से पुताई नहीं हुई दिव्यराज सिंह ने कहा कि मंदिर में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं और यहां नियमित पूजा होती है। ऐसे प्राचीन मंदिर की साफ-सफाई और पुताई का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पहले रीवा राजघराने की ओर से मंदिर की पुताई और दूसरी व्यवस्थाएं कराई जाती थीं। बाद में इसकी जिम्मेदारी टाइगर रिजर्व प्रबंधन के पास आ गई। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार साल से मंदिर की पुताई नहीं होने की जानकारी मिली है। जूते पहनकर घूमने पर भी जताई आपत्ति विधायक ने मंदिर परिसर में कुछ अधिकारी-कर्मचारियों के जूते पहनकर घूमने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मंदिर में बिना जूते प्रवेश करते हैं, ऐसे में अधिकारियों को भी मंदिर की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। दिव्यराज सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से फोन पर बात की है और व्यवस्थाओं में सुधार की बात कही है। प्रबंधन बोला- बारिश खत्म होते ही होगी पुताई बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मंदिर की पुताई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होने के बाद मंदिर की पुताई कराई जाएगी। इसके साथ ही मंदिर की दूसरी व्यवस्थाओं को भी बेहतर किया जाएगा।

