आज अयोध्या में नो पेपर डे है। ऐसे में 1 दिन पहले आपके शहर में क्या-कुछ हुआ है, सभी बड़े अपडेट आप नीचे पढ़ सकते हैं- 1- राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव ने संभाला कार्यभार, नए सीईओ जीतेंद्र मिश्रा से मिले, बंद कमरे में डेढ़ घंटे हुई बातचीत राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देवगिरि ने शुक्रवार को कार्यभार संभाल लिया। नए सीईओ एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा ने वैदेही भवन पहुंचकर उनसे करीब डेढ़ घंटे मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने चंपत राय से भी भेंट की। नवनियुक्त कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका और ट्रस्टी डॉ. निर्मला यादव भी अयोध्या पहुंच गए। पुनर्गठन के बाद बैंक खातों में नए अधिकृत हस्ताक्षर दर्ज होंगे। पढ़ें पूरी खबर… 2- अयोध्या में 5 से 8 नवंबर तक मनेगा दीपोत्सव: घाटों पर दीप जलाए जाएंगे, शोभायात्रा और झांकियां निकलेगी रामनगरी में इस बार 10वां दीपोत्सव 5 से 8 नवंबर तक मनाया जाएगा। डीएम शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और प्रमुख घाटों को विशेष रोशनी और दीपों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए परिवहन, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा की व्यवस्था होगी। कार्तिक मेले में 18 नवंबर को चौदहकोसी, 20 नवंबर को पंचकोसी परिक्रमा और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा स्नान होगा। पढ़ें पूरी खबर… 3- महासचिव बनने के बाद गोविंद देव गिरि का पहला इंटरव्यू, बोले- चंपत राय बेदाग-निष्कलंक, उनका भोलापन मुसीबत बना ‘चंपत राय बेदाग और निष्कलंक हैं। यह मैं अपने अनुभव के आधार पर कह रहा हूं। उनका भोलापन उनके लिए मुसीबत बन गया। उन्होंने सब पर विश्वास करके गलती की। लोगों की पहचान करने में उनसे चूक हुई। ट्रस्ट के दायित्व निभाने में कुछ कमियां रही हैं। अगर कोई कमी नहीं होती तो चोरी कैसे हो सकती थी? जहां कमी रही है, वहां सुधार किया जाएगा। चोरी करने वालों को सजा जरूर मिलनी चाहिए।’ ये बातें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए महासचिव गोविंद देव गिरि महाराज ने कहीं। पढ़ें पूरी खबर… 4- महिला के घर से अलमारी का ताला खोलकर जेवर चोरी, केस दर्ज अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र के अकारी खपराडीह गांव में बंद घर से अलमारी का ताला खोलकर जेवर चोरी हो गए। पीड़िता संतोष कुमारी 28 अगस्त को पति और बच्चों के साथ मायके गई थीं। अगले दिन दुकान के किरायेदार ने घर में चोरी की जानकारी दी। घर पहुंचने पर अलमारी खुली मिली और पहले विवाह के दौरान के जेवर गायब थे। महिला की शिकायत पर हैदरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों का सुराग तलाश रही है। पढ़ें पूरी खबर… 5- ऑटो रिक्शा की टक्कर से 10 साल की बच्ची की मौत, कुमारगंज में घर के सामने हुआ हादसा अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से 10 साल की बच्ची दिव्या की मौत हो गई। वह घर के सामने सड़क पर कुमारगंज की ओर पैदल जा रही थी। तभी बहादुरगंज की तरफ से आए ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बच्ची को कुमारगंज के सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। पढ़ें पूरी खबर… 6- गोमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा: प्रशासन अलर्ट, गांवों को सुरक्षित रहने की चेतावनी अयोध्या की रुदौली तहसील में रेस घाट के पास गोमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे रेस, समदा, मल्लाहन का पुरवा, भोला मऊ, मीरमऊ और घाट गांवों के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मछली पकड़ने वाले मल्लाहों को भी नदी में न जाने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों को 1965 और 1972 की बाढ़ की याद सता रही है। गोमती अमेठी-अयोध्या सीमा से होकर गुजरती है, जिससे दोनों जिलों में खतरा बढ़ सकता है। पढ़ें पूरी खबर… 7- ग्राम प्रधान को फोन पर जान से मारने की धमकी, 9 दिन बाद पुलिस ने दर्ज की FIR अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र के बैतीकला गांव के ग्राम प्रधान को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के नौ दिन बाद पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज की है। प्रधान के मुताबिक, डिहवा मौजा निवासी संजय निषाद उर्फ विनोद कश्यप ने 25/26 अगस्त की रात फोन कर धमकी दी। प्रधान ने आरोपी पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पढ़ें पूरी खबर… 8- बुजुर्ग दंपति से चेन लूट के 2 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद अयोध्या के तारुन थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति से तमंचा दिखाकर चेन लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोंडा के नवाबगंज निवासी मोहित वर्मा और अमर निषाद उर्फ डमरू के पास से लूटी गई सोने की चेन, तमंचा-कारतूस और पल्सर बाइक बरामद हुई है। 27 अगस्त की वारदात के बाद पुलिस ने CCTV, सर्विलांस, CDR और BTS की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। एसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि तीसरा आरोपी राम बाबू निषाद फरार है। पढ़ें पूरी खबर… 9- अयोध्या में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, 10 दिन बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र में युवती ने बिहार निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था, लेकिन 10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पढ़ें पूरी खबर… 10- SSP ने रामदास नगर चौकी का लोकार्पण किया, मवई थाने का निरीक्षण कर 32 गांव के प्रहरियों को सामान बांटे
अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार शाम मवई थाने का निरीक्षण किया और थानाध्यक्ष कार्यालय, आदर्श मेस समेत कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने नई रामदास नगर पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। एसएसपी ने थाना परिसर, मालखाना, हवालात और रजिस्टरों का निरीक्षण कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए। ग्रामीण सुरक्षा मजबूत करने के लिए 32 ग्राम प्रहरियों को टॉर्च, डंडा और अन्य सामग्री बांटी। उन्होंने थाना व चौकी परिसर में पौधरोपण भी किया। पढ़ें पूरी खबर…

