ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन एवं खेल एवं युवक कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस चैंपियनशिप सीरीज के फाइनल मुकाबलों में ग्वालियर की युवा टेनिस खिलाड़ी वैदेही शिंदे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
ग्वालियर. ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन एवं खेल एवं युवक कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस चैंपियनशिप सीरीज के फाइनल मुकाबलों में ग्वालियर की युवा टेनिस खिलाड़ी वैदेही शिंदे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। अलग-अलग आयु वर्गों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर वैदेही ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा।टूर्नामेंट डायरेक्टर विकास पांडेय ने बताया कि वैदेही शिंदे ने बालिका अंडर-14 एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की सिया मोहन को 8-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में वैदेही ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया।
अन्या राठी को 8-3 से पराजित कर दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया
इसके बाद बालिका अंडर-16 एकल वर्ग के फाइनल में भी वैदेही ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने अन्या राठी को 8-3 से पराजित कर दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। एकल वर्ग में लगातार दो खिताब जीतने के बाद वैदेही ने बालिका अंडर-16 युगल वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन किया। अन्या राठी के साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए वैदेही ने सह्याद्री और अग्न्या की जोड़ी को 8-1 से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में अपना तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।प्रतियोगिता के बालक अंडर-14 एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में विहान नवाब ने महाराष्ट्र के मानव पटेल को 8-6 से हराकर खिताब जीता। इसी वर्ग के युगल मुकाबले में आरी और विहार की जोड़ी ने ओजस और विहान नवाब की जोड़ी को 8-5 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मानव पटेल ने हितार्थ सुराणा को 8-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया
बालक अंडर-16 एकल वर्ग में महाराष्ट्र के मानव पटेल ने हितार्थ सुराणा को 8-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक अंडर-16 युगल वर्ग में अर्जुन और सात्विक गुप्ता की जोड़ी ने वीरेश्वर और हितार्थ की जोड़ी को 8-4 से हराकर जीत दर्ज की।प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने विभिन्न आयु वर्गों में दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबलों में कड़े संघर्ष और रोमांचक खेल देखने को मिला। ग्वालियर की वैदेही शिंदे के तीन स्वर्ण पदक जीतने से स्थानीय टेनिस खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है। वैदेही की इस उपलब्धि को ग्वालियर के टेनिस जगत के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। विजेता खिलाडिय़ों को ट्राफी आयोजन सचिव विकास पांडेय ने प्रदान की। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रफुल्ल अरजरिया सहित कई टेनिस खिलाड़ी मौजूद थे।
Sports – Patrika | CMS

