डूंगरपुर में राहगीरों से लूटपाट के 5 आरोपी गिरफ्तार:महिलाओं के वेश में जंगल में छिपे थे, बिना नंबर की 2 बाइक जब्त

डूंगरपुर में राहगीरों से लूटपाट के 5 आरोपी गिरफ्तार:महिलाओं के वेश में जंगल में छिपे थे, बिना नंबर की 2 बाइक जब्त

डूंगरपुर जिले की चौरासी थाना पुलिस ने राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए महिलाओं के वेश में जंगलों और पहाड़ियों में छिपे थे। पुलिस ने इनके पास से लूट में इस्तेमाल की गई दो बिना नंबर की पावर बाइक भी जब्त की हैं। चौरासी थाने के सीआई रतनलाल जटिया ने बताया कि 30 अगस्त 2026 की रात करीब 2:30 बजे कृष्णा मीणा अपने साथी मानशंकर और अमिशा के साथ बाइक से डूंगरपुर से सीमलवाड़ा जा रहे थे। गोरदा घाटा के पास पीछे से आई एक पावर बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोका और मारपीट कर 5,000 रुपए नकद और 2 मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के बाद थानाधिकारी रतनलाल जटिया के नेतृत्व में एक खास टीम बनाई गई। मुखबिरों और तकनीकी सबूतों से पता चला कि लाडसौर गांव के कुछ युवकों की हरकतें संदिग्ध हैं और वे महिलाओं के कपड़े पहनकर जंगलों में छिपे हुए हैं। इस जानकारी पर चौरासी थाना पुलिस ने लाडसौर के जंगलों में छापा मारा और 5 आरोपियों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शराब पीने और मौज-शौक पूरे करने के लिए लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने लाड़सोर निवासी शैलेष पुत्र सुरेश ननोमा, विजय पुत्र कांतिलाल ननोमा, राहुल पुत्र गटूलाल ननोमा, डूंगर पुत्र खेमजी बरंडा और ताराचंद पुत्र देवीलाल ननोमा को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो बिना नंबर की पावर बाइक भी जब्त कर ली हैं। पुलिस अब इन आरोपियों से दूसरी वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *