मंडला में सामुदायिक भवन बना, पहुंच मार्ग नहीं:उद्घाटन करने आए सांसद के काफिले की गाड़ियां कीचड़ में फंसी

मंडला में सामुदायिक भवन बना, पहुंच मार्ग नहीं:उद्घाटन करने आए सांसद के काफिले की गाड़ियां कीचड़ में फंसी

मंडला के चकदेही गांव में एक सामुदायिक भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का काफिला कीचड़ में फंस गया। गुरुवार को हुई इस घटना में जनपद पंचायत सीईओ का वाहन भी कीचड़ में धंस गया, जिसे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से खींचकर बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया। ग्राम पंचायत चकदेही में लगभग 60 लाख रुपए की लागत से यह सामुदायिक भवन बना है। भवन तक पहुंचने वाला करीब 200 मीटर का रास्ता बारिश के कारण खराब होकर कीचड़ से भर गया था। सांसद का वाहन तो किसी तरह निकल गया, लेकिन जनपद पंचायत सीईओ का वाहन रास्ते में फंस गया था। ग्रामीणों ने काफी मेहनत के बाद ट्रैक्टर से वाहन को बाहर निकाला। सड़क की खराब हालत देखकर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों को सड़क बनाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने बताया कि सांसद ने कहा है कि अगर पंचायत के पास पैसा है तो सड़क बनाई जाए। अगर पैसे की कमी होती है, तो सांसद या विधायक निधि से मदद ली जा सकती है। सवाल यह भी है कि जब लाखों रुपए खर्च कर सामुदायिक भवन बनाया गया है, तो वहां तक पहुंचने के लिए अच्छी सड़क क्यों नहीं बनाई गई। बिना सही रास्ते के ग्रामीणों और लोगों को भवन तक पहुंचने में परेशानी होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *