गुस्साए ग्रामीणों ने 45 मिनट तक रोड रखा जाम:पंचकूला में दुकानों और घरों में घुसा गंदा पानी; बंद नाले ने बढ़ाई आफत

गुस्साए ग्रामीणों ने 45 मिनट तक रोड रखा जाम:पंचकूला में दुकानों और घरों में घुसा गंदा पानी; बंद नाले ने बढ़ाई आफत

पंचकूला जिले के कालका के टगरा हंसुआ गांव में घरों और दुकानों में गंदा पानी घुसने से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर दी। यह जाम करीब 45 मिनट तक लगा रहा, जिससे रास्ते पर आवाजाही ठप हो गई। गांव की महिलाओं ने सड़क पर इंटरलॉक पेवर ब्लॉक रखकर रास्ता बंद कर दिया, जिससे राहगीरों को दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि टगरा रोड के दोनों तरफ नाले बने हैं। टगरा हरि सिंह और टगरा कलीराम गांवों का पानी भी टगरा हंसुआ के नाले में आता है। ग्रामीणों के मुताबिक, नाले की क्षमता तीन गांवों का पानी संभालने की नहीं है। इस वजह से बरसात में नाला ओवरफ्लो हो जाता है और गंदा पानी घरों व दुकानों में घुस जाता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण के कारण भी पानी निकलने की समस्या बढ़ गई है। उन्होंने मांग की कि सड़क को ज्यादा ऊंचा न बनाया जाए और बंद पड़े नाले को ठीक से खुलवाया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर एसडीएम कालका को मांग पत्र भी दे चुके हैं। सूचना मिलने पर नगर परिषद के जेई अजय मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि बंद पड़े नाले को तुरंत खुलवाया जाएगा और समस्या का स्थायी समाधान जल्द किया जाएगा। इस भरोसे के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *