माध्यमिक विद्यालयों की मंडल स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में महाराजगंज इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की लक्ष्मी चौहान और दीपांशु को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। मंडल स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित की गई। इसमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज की टीमों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में हिस्सा लिया। महाराजगंज जिले से अलग-अलग आयु वर्गों के 15 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल हुए। अंडर-14 बालक वर्ग में महाराजगंज इंटर कॉलेज के दीपांशु ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया के खिलाड़ियों को हराया। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर दीपांशु मंडल चैंपियन बने और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई। वहीं बालिका वर्ग में विद्यालय की लक्ष्मी चौहान ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मंडल के तीनों जिलों के खिलाड़ियों को हराकर मंडल चैंपियन का खिताब जीता। लक्ष्मी के प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। दोनों चुने गए खिलाड़ी इसी महीने अलीगढ़ में होने वाली राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में महाराजगंज मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा और शारीरिक शिक्षक बीरन प्रसाद समेत पूरे विद्यालय परिवार ने खुशी जताई। सभी ने लक्ष्मी चौहान और दीपांशु को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

