बारां जिले में निकाय चुनावों को देखते हुए पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सरकारी संपत्ति को विरूपित करने के मामले में वार्ड प्रत्याशी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थानाधिकारी हीरालाल पुनियां द्वारा गुरुवार शाम गश्त की जा रही थी। वार्ड 34 के प्रत्याशी दीपक सोनी पर मामला दर्ज
इस दौरान थाना कोतवाली थाना परिसर के मेन गेट के दोनों तरफ 13 पोस्टर चिपके हुए मिले। सभी पोस्टरों पर ‘फिर एक बार मिलकर बनाए हमारा शहर एक बेहतर शहर’ का नारा लिखा था, जो वार्ड संख्या 34 के प्रत्याशी दीपक सोनी का चुनाव प्रचार का पोस्टर है। पोस्टरों पर प्रत्याशी दीपक सोनी, विरेन्द्र सिंह हाड़ा और पूर्व सभापति कमल राठौर के फोटो और मतदाताओं को लुभाने वाले वादे लिखे हुए थे। बिना अनुमति के थाना कोतवाली की दीवारों पर पोस्टर चिपकाकर सौंदर्यीकरण को कुरूप करने और सरकारी संपत्ति का विरूपण करने पर वार्ड नं. 34 के प्रत्याशी दीपक सोनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक व सरकारी संपत्तियों पर बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के पोस्टर, बैनर, विज्ञापन अथवा प्रचार सामग्री नहीं चिपकाएं। प्रचार-प्रसार के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी

