अलवर नगर निगम चुनाव में इस बार राजनीतिक मुकाबले के साथ उम्मीदवारों की संपत्ति भी चर्चा में है। भाजपा और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे 129 उम्मीदवारों में से 36 प्रत्याशी करोड़पति हैं, जबकि 95 उम्मीदवारों की संपत्ति लाखों रुपए में है। उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्रों में चल और अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया है।
नामांकन पत्रों में सामने आई जानकारी के अनुसार पांच महिला उम्मीदवारों के पास कुल मिलाकर करीब 95 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। इनमें भाजपा की दो महिला उम्मीदवारों के पास करीब 44 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जबकि कांग्रेस की तीन महिला उम्मीदवारों के पास करीब 51 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई गई है।
इनके पास है इतनी संपत्ति
सबसे अधिक संपत्ति वाले महिला उम्मीदवारों में वार्ड 34 से कांग्रेस प्रत्याशी ममता सैनी शामिल हैं। उनके पास करीब 30 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। इसके बाद वार्ड सात से भाजपा प्रत्याशी सुमनलता के पास करीब 24 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वार्ड 36 से भाजपा प्रत्याशी अपूर्वा शर्मा के पास करीब 20 करोड़ रुपए और इसी वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रिंकल गर्ग के पास करीब 19 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वार्ड 39 से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश शर्मा के पास करीब 10 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई गई है।
भाजपा के करोड़पति उम्मीदवारों में वार्ड सात की सुमनलता, वार्ड 18 के अनिल चौधरी, वार्ड 23 की सुमन चौधरी और जगदीश, वार्ड 28 के सीताराम चौधरी, वार्ड 36 की अपूर्वा, वार्ड 38 के श्याम सुंदर, वार्ड 42 के धर्मवीर और वार्ड 48 की नेहा शामिल हैं। इनके अलावा बबीता, मुकेश, रजनी, अजय पूनिया, पूरन सैनी और झम्मन लाल भी करोड़पति उम्मीदवारों की सूची में हैं।
वहीं कांग्रेस के करोड़पति प्रत्याशियों में वार्ड सात के पीयूष जैन, महेंद्र कुमार, वार्ड 36 की रिंकल गर्ग, दीनदयाल और सुरभि के नाम शामिल हैं। इनके अलावा ओमप्रकाश, नंदलाल, राहुल, कमलेश, अंशुल खंडेलवाल, रश्मि, बिमला और रवि सहित अन्य उम्मीदवार भी करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं।
लोगों के बीच चर्चा
अलवर नगर निगम चुनाव में नामांकन के साथ उम्मीदवारों की ओर से दी गई संपत्ति की जानकारी अब मतदाताओं के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है। चुनावी मैदान में जहां प्रत्याशी विकास और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं, वहीं करोड़पति और लखपति उम्मीदवारों के आंकड़े भी इस चुनाव में खास चर्चा का कारण बने हुए हैं।

