झांसी में गुरुवार शाम को स्वाइन फ्लू का पहला मरीज मिला है। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में होटल मैनेजमेंट के प्रथम वर्ष के छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उसे 4 दिन से बुधवार आ रहा था, इसके अलावा कोई लक्षण नहीं थी। ऐसे में वह मेडिकल कॉलेज के मेडिसन विभाग में दिखाने गया था। डॉक्टरों ने बुधवार उसका सैंपल जांच के लिए भेजा था। गुरुवार शाम को आई रिपोर्ट में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने अफसरों के साथ मीटिंग कर छात्र की कॉन्टैक्स ट्रेसिंग के लिए टीमें गठित की हैं। कमरे, क्लासमेट और परिजनों की स्क्रीनिंग होगी छात्र बामौर का रहने वाला है। वह शिवाजी नगर में किराए से रहता है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें छात्र के शिवाजी नगर स्थित उसके किराए के कमरे के आसपास रहने वाले लोगों, क्लासमेट और बामौर में रहने वाले परिजनों की स्क्रीनिंग करेंगी। किसी में संदिग्ध लक्षण मिलने पर उसका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में इनफ्लूएंजा-ए के कई मरीज पहुंचे। बाल रोग विभाग में करीब 25, मेडिसन विभाग में करीब 30, चेस्ट एंड रेस्पिरेटरी विभाग में 8 और जिला अस्पताल की फ्लू ओपीडी में करीब 35 मरीजों का उपचार किया गया। दो मरीजों के सैंपल और भेजे गए मेडिकल कॉलेज के चेस्ट एवं रेस्पिरेटरी विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमय शास्त्री ने बताया- गुरुवार को निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत के कारण एक बुजुर्ग को ऑक्सीजन बेड पर भर्ती किया गया। लक्षणों को देखते हुए उसका स्वाइन फ्लो की जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। वहीं, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. जीएस चौधरी ने बताया कि ललितपुर के जखौरा निवासी 6 साल के बच्चे को निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत के कारण ऑक्सीजन बेड पर भर्ती किया गया है। उसका भी स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। मेडिकल विभाग में तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत के 9 मरीज भर्ती हैं।

