BLA Pakistan Army Attack: घरेलू मोर्चे पर पाकिस्तान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में जहां उसे भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बलूचिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी हुक्मरानों की नाक में दम कर रखा है। इसी क्रम में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसने दो हमलों में पाकिस्तानी सेना के 25 जवानों को मार गिराया है। इन हमलों में पाकिस्तानी सेना के तीन सैन्य वाहन भी नष्ट हो गए हैं।
बलोचिस्तान पोस्ट के मुताबिक, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता ने कहा कि उसके लड़ाकों ने सैन्य काफिले को निशाना बनाया। उन्होंने वाहनों पर हमला किया और उनमें से तीन को नष्ट कर दिया, जिसमें एक ट्रक भी शामिल था। BLA ने दावा किया कि 3 सितंबर को हुए हमले में शुरुआत में पाकिस्तानी सेना के 18 जवान मारे गए थे, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई।
किन-किन जगहों पर किया हमला?
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के मुताबिक, पहला हमला जियारत क्रॉस पर पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाकर किया गया। इस हमले में उसके लड़ाकों ने काफिले में शामिल दो वाहनों को नष्ट कर दिया। BLA के मुताबिक, इस हमले में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के 18 जवान मारे गए। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने यह भी दावा किया कि पांच घायल जवान वहां से भागने में कामयाब रहे, जबकि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया।
BLA ने दूसरा हमला सुराब के हाजीका इलाके में किया। यहां उसने रिमोट कंट्रोल से संचालित वाहन में विस्फोट किया, जिसमें सात पाकिस्तानी सुरक्षाबल मारे गए और एक सैन्य वाहन नष्ट हो गया। BLA ने इन दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है।
हमले का वीडियो जारी किया
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने अपने आधिकारिक मीडिया चैनल हक्कल के जरिए इस हमले का 1 मिनट 11 सेकेंड का एक वीडियो भी जारी किया। उसने इस वीडियो को जियारत क्रॉस पर हुए हमले का बताया है। जारी किए गए फुटेज में जलते हुए पाकिस्तानी सैन्य वाहनों के आसपास बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के लड़ाके नजर आ रहे हैं। घटनास्थल पर शव भी पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में BLA के लड़ाके हथियार जब्त करते हुए नजर आते हैं। BLA की ओर से यह भी कहा गया है कि हमले का पूरा वीडियो बाद में जारी किया जाएगा।
पाकिस्तान की ओर से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमले के बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के दावे पर शहबाज शरीफ सरकार की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। पाकिस्तानी सेना की ओर से भी अभी तक किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है।

