गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की स्टार रामेश्वरम सोसाइटी में बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला किया। इस हमले का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें तीन कुत्ते बच्ची को घेरकर हमला करते दिख रहे हैं। इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर डर बढ़ गया है। राजनगर एक्सटेंशन के दीपांशु मित्तल ने बताया कि यह सीसीटीवी वीडियो 1 सितंबर का है। बच्ची सोसाइटी परिसर में घूम रही थी, तभी तीन आवारा कुत्ते उसके पास आए और उसे घेर लिया। कुत्तों ने बच्ची पर झपटने और काटने की कोशिश की। हमले से डरकर बच्ची भागने लगी, लेकिन कुत्ते उसके पीछे दौड़ पड़े। बच्ची जमीन पर गिर गई, फिर भी कुत्तों ने उस पर हमला करना जारी रखा। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आकर उसे कुत्तों से बचाया। लोगों में गुस्सा है। नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र में आवारा और आक्रामक कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

