न भ्रष्टाचार किया, न सफाई का मौका मिला- तेलंगाना कैबिनेट से हटाए जाने पर कोंडा सुरेखा का पलटवार

न भ्रष्टाचार किया, न सफाई का मौका मिला- तेलंगाना कैबिनेट से हटाए जाने पर कोंडा सुरेखा का पलटवार

Konda Surekha Controversy: तेलंगाना की राजनीति में एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। पूर्व मंत्री कोंडा सुरेखा ने कैबिनेट से हटाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। सुरेखा ने कहा कि उन्होंने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया। इसके बावजूद उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कार्रवाई के तरीके और उसके पीछे की वजहों पर भी सवाल खड़े किए हैं।

कैबिनेट से हटाने पर सुरेखा ने उठाए सवाल

कोंडा सुरेखा ने कहा कि उन्हें जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का वह जवाब दे चुकी हैं। उनका सवाल है कि अंतिम फैसला लेने से पहले उनसे बातचीत क्यों नहीं की गई। उन्होंने बिना हस्ताक्षर वाले उस कम्युनिकेशन की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाया, जिसमें कार्रवाई की जानकारी दी गई थी।

सुरेखा ने इस पूरे घटनाक्रम को बदले की कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई आरोप है, तो उन्हें उसका जवाब देने का उचित मौका मिलना चाहिए था। उनका कहना है कि सिर्फ अनुशासनात्मक विवाद के आधार पर इतनी बड़ी कार्रवाई करना सही नहीं है।

बेटी के बयान पर भी किया बचाव

बता दें विवाद की एक बड़ी वजह सुरेखा की बेटी कोंडा सुष्मिता पटेल का बयान भी है। उनकी बेटी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में रेवंत रेड्डी और उनके परिवार को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद कांग्रेस के अंदर सुरेखा के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी। सुरेखा ने अपनी बेटी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी बालिग है। उसके निजी विचारों के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। सुरेखा ने यह भी सवाल किया कि कांग्रेस के दूसरे नेताओं के विवादित बयानों पर क्या कार्रवाई हुई।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी और टी जग्गा रेड्डी के पुराने बयानों का भी जिक्र किया। उनका सवाल था कि क्या सभी नेताओं के लिए अनुशासन के नियम एक जैसे लागू होते हैं।

राजनीतिक भविष्य पर फैसला जल्द

सुरेखा ने तेलंगाना प्लानिंग बोर्ड के वाइस-चेयरमैन जी चिन्ना रेड्डी को हटाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू होने भर से किसी नेता को पद से हटाना उचित नहीं है। इस बीच मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तीन अहम नियुक्तियों का ऐलान किया। गडवाल विजयलक्ष्मी को तेलंगाना प्लानिंग बोर्ड का वाइस-चेयरपर्सन बनाया गया। नरेला शारदा को तेलंगाना स्टेट कमीशन फॉर विमेन की चेयरपर्सन बनाया गया। पूर्व राज्यसभा सांसद जी सुधा रानी को काकतीय अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी की जिम्मेदारी दी गई। सुरेखा ने इन नियुक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तीन BC महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना खुशी की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *