स्वास्थ्य केंद्र समय पर नहीं खुले तो होगी कार्रवाई:कोरबा कलेक्टर ने सितंबर तक 100% जांच-टीकाकरण का लक्ष्य दिया, लापरवाही पर नाराजगी

स्वास्थ्य केंद्र समय पर नहीं खुले तो होगी कार्रवाई:कोरबा कलेक्टर ने सितंबर तक 100% जांच-टीकाकरण का लक्ष्य दिया, लापरवाही पर नाराजगी

कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर निर्धारित समय पर खुलने चाहिए। डॉक्टर और पूरा स्टाफ समय पर उपस्थित रहकर मरीजों का इलाज सुनिश्चित करें। केंद्र समय पर नहीं खुलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सितंबर तक 100% स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य कलेक्टर ने ‘हमर स्वस्थ छत्तीसगढ़ योजना’ की समीक्षा करते हुए सितंबर तक शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य पूरा करने को कहा। उन्होंने बीएमओ और बीपीएम को TB, कुष्ठ, मलेरिया और सिकल सेल समेत अन्य बीमारियों की पहचान के लिए विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के घर-घर जाकर रैंडम जांच कराने के निर्देश दिए। बीमारी मिलने पर तत्काल उपचार शुरू कराने को भी कहा गया। मीजल्स-रूबेला की कम प्रगति पर जताई नाराजगी बैठक में मीजल्स-रूबेला टीकाकरण की प्रगति कम मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के नियमित टीकाकरण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। 70+ बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड के लिए चलेगा अभियान कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड से छूटे पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने के निर्देश दिए। 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की सूची खाद्य विभाग से लेकर मितानिनों के सहयोग से हर महीने 1 से 5 तारीख तक विशेष अभियान चलाकर कार्ड बनाए जाएंगे। उन्होंने आभा आईडी और PVC कार्ड वितरण की भी समीक्षा की और सितंबर में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने को कहा। सेक्टर सुपरवाइजरों की बैठक लेकर लंबित कार्डों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रुकी भर्तियां जल्द पूरी करने के निर्देश कलेक्टर ने बीएमओ और बीपीएम से शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी रखने और उनके क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने को कहा। नियमों का उल्लंघन करने वाले निजी क्लीनिक और स्वास्थ्य संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत रुकी भर्तियों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया। मातृ स्वास्थ्य से लेकर डेंगू-स्वाइन फ्लू तक निगरानी बैठक में लेप्रोसी, एनसीडी, जननी पोर्टल, एचआरपी, मातृ मृत्यु, यू-विन, डिलीवरी रिपोर्टिंग, एनआरसी और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी, स्कूल और छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल, अंधत्व निवारण के तहत मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर भी जोर दिया गया। डेंगू और स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, सीएमएचओ सहित जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *