गोंडा में यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं। दोपहर करीब 1 बजे जिले में पहुंचने के बाद उन्होंने एक निजी कॉलेज में छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे जिला महिला अस्पताल पहुंचकर वार्डों का निरीक्षण किया। अस्पताल में गंदगी मिलने पर CMS को फटकार महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कई जगह गंदगी मिलने पर चारु चौधरी ने सीएमएस को फटकार लगाई। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में 10 दिन के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर इलाज और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीज ने की अवैध वसूली की शिकायत एक मरीज ने अस्पताल में अवैध वसूली की शिकायत उपाध्यक्ष से की। इस पर उन्होंने सीएमओ को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों का उपस्थिति रजिस्टर भी देखा। कुछ डॉक्टरों के ड्यूटी पर होने के बावजूद रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई और व्यवस्था सुधारने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं को इलाज और अस्पताल की सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। 15 महिलाओं ने रखीं समस्याएं गुरुवार दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक चारु चौधरी ने गोंडा सर्किट हाउस में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 15 महिलाएं अपनी अलग-अलग शिकायतें लेकर पहुंचीं। उपाध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की। एक नाबालिग लड़की से जुड़े मामले में उन्होंने नाराजगी जताई और करनैलगंज कोतवाली पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, पति की ओर से मारपीट और खर्च नहीं दिए जाने से जुड़े मामले में गोंडा महिला थाना प्रभारी को सख्त कार्रवाई करने को कहा। एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में इटियाथोक पुलिस को भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं स्वरा भास्कर से जुड़े बयान और उनके खिलाफ की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों के सवाल पर चारु चौधरी ने कहा कि किसी भी महिला के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग या गलत टिप्पणी करने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा और गलत टिप्पणी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। छात्राओं से कहा- अधिकारों के साथ कर्तव्य भी समझें छात्राओं से संवाद के दौरान चारु चौधरी ने कहा कि बेटियों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी जानकारी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में प्रसव की संख्या पर भी लिया संज्ञान गोंडा मेडिकल कॉलेज में प्रसव शुरू होने के बावजूद अपेक्षित संख्या में प्रसव नहीं होने के सवाल पर चारु चौधरी ने कहा कि पूरे मामले को देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी या अन्य कोई समस्या होने की स्थिति में उसकी जानकारी लेकर समाधान कराया जाएगा।

