मिर्जापुर में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है और आने-जाने के रास्ते बंद हो गए हैं। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए फैसला लिया है। 3 सितंबर 2026 को जलभराव और रास्ते बंद होने वाले इलाकों में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा ने बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि जिन इलाकों में बारिश से जलभराव है या स्कूल तक पहुंचने के रास्ते बंद हैं, वहां बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में पढ़ाई बंद रखी जाए। बीईओ को अपने-अपने विकासखंडों में स्थानीय हालात की जांच करने और प्रभावित स्कूलों में जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि लगातार बारिश से बनी स्थितियों में बच्चों की सुरक्षा सबसे अहम है। स्थानीय स्तर पर जलभराव, सड़क की स्थिति और आने-जाने की स्थिति को देखते हुए स्कूलों को खोलने या बंद करने का फैसला लिया जाएगा। अधिकारियों को हालात पर लगातार ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

