Rajasthan Civic Polls: BJP ने जारी किया शहरी विकास Sankalp Patra, किए कई बड़े वादे

Rajasthan Civic Polls: BJP ने जारी किया शहरी विकास Sankalp Patra, किए कई बड़े वादे

जयपुर, दो सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई ने आगामी निकाय चुनाव के लिए बुधवार को अपना ‘शहरी विकास संकल्प पत्र-2026’ जारी किया, जिसमें बेहतर बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, सुरक्षा, परिवहन और जनसुविधाओं के साथ शहरों के सुनियोजित एवं समग्र विकास का वादा किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के अन्य नेताओं ने यहां संकल्प पत्र जारी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में किए गए 78 प्रतिशत वादे सत्ता में आने के 32 महीने के भीतर पूरे कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी घोषणा पत्र के बजाय ‘संकल्प पत्र’ जारी करती है, क्योंकि यह वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शर्मा ने कहा कि शहरी विकास संकल्प पत्र राज्य के 309 नगरीय निकायों के लिए अगले पांच वर्षों का रोडमैप होगा। उन्होंने कहा कि इसमें नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहरों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में विभिन्न आय वर्गों को एक लाख आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने, सात लाख से अधिक घरों में पीएनजी कनेक्शन देने, 2,000 पिंक टॉयलेट बनाने और नए एवं बाहरी आवासीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने का वादा किया गया है। भाजपा ने वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र स्थापित करने तथा पंजीकृत रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, सीएनजी ऑटो-रिक्शा चालकों और टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर देने का भी वादा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सुरक्षित शहरों के लिए प्रत्येक नगरीय निकाय में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था विकसित करने, प्रमुख सड़कों का विकास करने और चौराहों का सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव है।

भवन मानचित्रों की स्वीकृति की ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल बनाने और आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है।’’
उन्होंने कहा कि यातायात और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास, पुल, बहुस्तरीय और सामुदायिक पार्किंग सुविधाओं सहित व्यापक नीति बनाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि अधिक यातायात दबाव वाले शहरों में रिंग रोड विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। भाजपा ने शहरी वन और लव-कुश वाटिका विकसित करने, ग्रीन बेल्ट बनाने तथा प्रमुख पार्कों और जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षाजल संचयन प्रणाली स्थापित करने का भी वादा किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संकल्प पत्र शहरी विकास के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने वादों को पूरा करती है। शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने राज्य को बदहाल स्थिति में छोड़ दिया था तथा भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति की।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने नियमों के अनुसार वार्डों के पुनर्गठन का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य के 309 नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने एक लाख 70 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं, जबकि एक लाख 25 हजार से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *