ब्यावर नगर परिषद के निकाय चुनाव-2026 में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय मैदान में उतरे 14 बागी उम्मीदवारों ने बुधवार को नामांकन वापस ले लिए। ये उम्मीदवार 10 अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। ब्यावर विधायक शंकरसिंह रावत की समझाइश और लगातार प्रयासों के बाद उन्होंने नामांकन वापस लेकर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन का फैसला किया। नामांकन वापसी के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। विधायक ने की बागियों से समझाइश ब्यावर नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 344 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी के अंतिम दौर में विधायक शंकरसिंह रावत ने पार्टी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे उम्मीदवारों से संपर्क किया। उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में नामांकन वापस लेने के लिए उन्हें राजी किया। इसके बाद 14 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इन वार्डों से वापस लिए नामांकन रिटर्निंग अधिकारी जयपाल सिंह के अनुसार, वार्ड संख्या 4 से ईश्वरसिंह और राजेंद्र कुमार शर्मा, वार्ड संख्या 8 से रिहाना बानो, वार्ड संख्या 10 से पुखराज काठात और मोहम्मद इकबाल ने नामांकन वापस लिया। इसी तरह वार्ड संख्या 12 से हरिसिंह, वार्ड संख्या 15 से मंजूदेवी, वार्ड संख्या 26 से डॉ. अर्पित छाजेड़, संजय नाहर और मनीष भंसाली, वार्ड संख्या 27 से सुमन झंवर, वार्ड संख्या 35 से नारायण सिंह, वार्ड संख्या 44 से जगदीश प्रसाद जांगिड़ और वार्ड संख्या 58 से कैलाश चंद जैन ने भी नामांकन वापस ले लिया। बागियों के हटने से भाजपा को राहत पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में खड़े इन बागियों के नामांकन वापस लेने से भाजपा को कई वार्डों में राहत मिलने की संभावना है। बागियों के मैदान से हटने के बाद अब पार्टी प्रत्याशियों के सामने सीधा मुकाबला बनने की उम्मीद है। अब बाकी प्रत्याशियों पर नजर नामांकन वापसी के बाद चुनावी मैदान में बचे उम्मीदवारों के बीच मुकाबला और स्पष्ट हो गया है। अब प्रत्याशी प्रचार अभियान को तेज करने के साथ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटेंगे। ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों में से जिन वार्डों में बागियों ने चुनौती पेश की थी, वहां नामांकन वापसी के बाद बदले समीकरण चुनाव परिणाम पर असर डाल सकते हैं।

