चोरी के फरार आरोपी गिरफ्तार, नागपुर से 3 और पकड़े:5 लाख के जेवर बरामद; जून में हुई लाखों की चोरी का खुलासा

चोरी के फरार आरोपी गिरफ्तार, नागपुर से 3 और पकड़े:5 लाख के जेवर बरामद; जून में हुई लाखों की चोरी का खुलासा

मंडला जिले के नैनपुर में 6 जून को हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नैनपुर पुलिस ने फरार आरोपी कन्हैया निवासी घटरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नागपुर से तीन और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी की इस वारदात के बाद जांच के दौरान पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में पता चला कि चोरी के सोने-चांदी के जेवर कन्हैया के जरिए नागपुर में बेचे गए थे। इसके बाद पुलिस कन्हैया की तलाश कर रही थी और उसे 30 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीओपी मनीष राज के अनुसार कन्हैया से पूछताछ के बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर नागपुर पहुंची। वहां से उसकी बहन अनिला उइके, शुभम उइके और आकाश तड़वे को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से तीन सोने के सिक्के, एक मंगलसूत्र और छह जोड़ी चांदी की पायल बरामद की हैं। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। बता दें कि 6 जून को शिकायतकर्ता अनंत कुमार वैष्णव, जो नैनपुर के रहने वाले हैं, अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में बाहर गए थे। करीब एक महीने बाद जब वे घर लौटे, तो पीछे के दोनों दरवाजों की कुंडियां टूटी मिलीं। उनके घर से करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 2 लाख 25 हजार रुपये नकद और दूसरा सामान चोरी हो गया था। शिकायत मिलने पर नैनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में अब तक पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के साथ कन्हैया समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक और आरोपी की तलाश अभी जारी है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस बाकी चोरी की संपत्ति और मामले से जुड़े दूसरे आरोपियों की तलाश में लगी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *