फतेहाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला केस:55 साल की महिला हिसार में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आइसोलेशन वार्ड तैयार किया

फतेहाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला केस:55 साल की महिला हिसार में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आइसोलेशन वार्ड तैयार किया

फतेहाबाद जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। गोरखपुर गांव की एक 55 साल की महिला एच1एन1 पॉजिटिव मिली है। महिला का हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इसे लेकर नागरिक अस्पताल एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत गोरखपुर गांव में एक स्क्रीनिंग टीम भेजी है। यह टीम महिला के संपर्क में आए परिजनों और दूसरे लोगों की जांच कर रही है। महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने नहीं आई है। टीम संपर्क में आए लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगी, उनकी जानकारी इकट्ठा करेगी और दवाइयां भी देगी। विभाग आने वाले दिनों में इन लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रखेगा। सभी सरकारी अस्पतालों में टीम अलर्ट जिला महामारी अधिकारी डॉ. विष्णु मित्तल ने बताया कि संक्रमण को देखते हुए जिले के सभी नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में फ्लू कॉर्नर बनाने और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनकी जरूरी जांच करवाने को भी कहा गया है। इसके अलावा, अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, वेंटिलेटर और दूसरी इमरजेंसी सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों को फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सैंपल लेने के लिए कहा गया है। ‘लगातार निगरानी रख रहा स्वास्थ्य विभाग’ जिला महामारी अधिकारी डॉ. विष्णु मित्तल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के पास सैंपल लेने की किट और आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। फतेहाबाद में सुविधा न होने के कारण संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज या करनाल भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि अधिकांश मरीजों में हल्के खांसी जुकाम के लक्षण होते हैं, जो एक समय बाद ठीक हो जाते है। उन्होंने बताया कि जरूरी होने पर मरीज को दवाइयां दी जाएगी और उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है और एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *