‘मोदी चाहें तो पाकिस्तान का नाम मिटा दें’, पाक PMO की हरकत पर भड़के एकनाथ शिंदे, शहबाज शरीफ को लेना पड़ा यू-टर्न

‘मोदी चाहें तो पाकिस्तान का नाम मिटा दें’, पाक PMO की हरकत पर भड़के एकनाथ शिंदे, शहबाज शरीफ को लेना पड़ा यू-टर्न

SCO Summit 2026: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से सियासी तकरार बढ़ा दी है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बिश्केक में हुई SCO बैठक की एक ग्रुप फोटो शेयर की, लेकिन उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजर नहीं आए। फोटो को दोनों तरफ से इस तरह क्रॉप किया गया था कि कई नेता तस्वीर से बाहर हो गए थे।

पाकिस्तान PMO की इस पोस्ट पर भारत में सवाल उठने लगे कि आखिर आधिकारिक ग्रुप फोटो से मोदी को ही क्यों हटाया गया? मामला तूल पकड़ने के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उसकी असुरक्षा और बौखलाहट दिखाता है।

शिंदे बोले- फोटो हटाने से मोदी को नहीं मिटा सकते

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मामले को लेकर कहा कि पाकिस्तान पहले भी इस तरह की हरकतें करता रहा है और इस बार भी उसने वही किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान ने भले ही तस्वीर से प्रधानमंत्री मोदी को हटा दिया हो, लेकिन अगर मोदी चाहें तो पाकिस्तान को दुनिया की तस्वीर से ही हटा सकते हैं।

शिंदे ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को भारत के साथ इस तरह के खेल न खेलने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी फोटो से मोदी की मौजूदगी हटाने से करोड़ों भारतीयों के दिलों से उनकी जगह नहीं मिटाई जा सकती।

कुछ घंटे बाद शहबाज शरीफ ने किया पूरा फोटो पोस्ट

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब पाकिस्तान PMO की पोस्ट के कुछ घंटे बाद खुद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने SCO की वही मूल तस्वीर शेयर कर दी। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी प्रमुख नेता दिखाई दे रहे थे।

शहबाज शरीफ ने अपने पोस्ट में SCO की बैठक को लेकर बात की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान के बलिदानों का भी जिक्र किया। उन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करने की बात कही।

MJ अकबर ने भी पाकिस्तान को घेरा

पूर्व विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने भी इस तस्वीर को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐसी हरकत से पाकिस्तान खुद ही मजाक का विषय बन जाता है।

अकबर के मुताबिक, तस्वीर में मोदी को हटाने के साथ शहबाज शरीफ को बीच में दिखाने की कोशिश पाकिस्तान की मानसिकता को बताती है। उन्होंने इसे गहरी असुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि इस तरह की कोशिशें किसी देश की अंतरराष्ट्रीय स्थिति नहीं बदल सकतीं।

SCO में मोदी ने आतंकवाद पर भी दिया संदेश

इसी SCO बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया के संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने की बात कही। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों से एकजुट होकर कार्रवाई करने और दोहरे मापदंड से बचने की अपील की।

ऐसे में एक तरफ SCO मंच पर आतंकवाद और वैश्विक सहयोग की बात हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ ग्रुप फोटो को लेकर पाकिस्तान की सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया। खास बात यह रही कि जिस तस्वीर से मोदी को हटाया गया था, कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की पोस्ट में वही पूरी तस्वीर वापस दिखाई दे गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *