Face Fat कम करने के लिए हेल्दी डाइट और एक्सरसाइज के साथ नमक, पानी और नींद का भी रखें ध्यान 

Face Fat कम करने के लिए हेल्दी डाइट और एक्सरसाइज के साथ नमक, पानी और नींद का भी रखें ध्यान 

Face Fat Loss Tips: वजन बढ़ने का असर शरीर के लगभग सभी हिस्सों पर पड़ता है, लेकिन कुछ लोगों में इसका असर सबसे पहले चेहरे पर दिखाई देता है। कई लोगों को वजन बढ़ने के साथ गाल, ठुड्डी और जॉलाइन के आसपास ज्यादा फैट नजर आने लगता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि फेस फैट कम करने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

वजन कम करने पर दें ध्यान

शरीर पर जमा अतिरिक्त फैट कम करने का असर चेहरे पर भी दिखाई दे सकता है। इसलिए चेहरे की चर्बी कम करने के लिए सबसे पहले पूरे शरीर के वजन को स्वस्थ तरीके से मैनेज करना जरूरी है। इसके लिए बहुत कम खाना खाने या क्रैश डाइट अपनाने के बजाय सही तरीके से वजन कम करने की कोशिश करें। आप अपने खाने पर नजर रखने के लिए फूड डायरी या कैलोरी ट्रैकिंग ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपको यह समझने में मदद मिल सकती है कि आप दिनभर में क्या और कितनी मात्रा में खा रहे हैं।

एक्सरसाइज

वॉकिंग, रनिंग, साइकिलिंग, स्विमिंग या दूसरी एरोबिक एक्सरसाइज शरीर की कैलोरी बर्न करने में मदद कर सकती हैं। नियमित कार्डियो एक्सरसाइज से पूरे शरीर का फैट कम करने में मदद मिल सकती है और इसका असर चेहरे पर भी दिखाई दे सकता है। इसके अलावा सिर्फ कार्डियो पर निर्भर रहने के बजाय आप स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को भी रूटिन में शामिल कर सकते है।

हेल्दी डाइट अपनाएं

खाने में सब्जियां, फल, दालें, बीन्स, साबुत अनाज और प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ शामिल करें। प्रोटीन और फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकते हैं। इससे जरूरत से ज्यादा खाने से बचना आसान हो सकता है। वहीं रिफाइंड कार्ब्स और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड का सेवन कम करें। मैदा से बनी चीजें, बहुत ज्यादा मीठे खाद्य पदार्थ और पैकेज्ड फूड की जगह पोषक और कम प्रोसेस्ड चीजों को डाइट में शामिल करना बेहतर विकल्प है।

नमक बैलेंस करें

कभी कभी चेहरा ज्यादा फैट की वजह से नहीं, बल्कि शरीर में पानी जमा होने के कारण भी फूला हुआ नजर आ सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, ज्यादा सोडियम का सेवन शरीर में पानी रोक सकता है। इसके चलते चेहरे पर पफीनेस दिखाई दे सकती है। इसलिए फास्ट फूड, पैकेज्ड स्नैक्स, बहुत नमकीन चीजें और ज्यादा नमक वाले रेस्टोरेंट फूड का सेवन कम करें। इसके साथ ही घर के खाने में नमक कम या ज्यादा करने के बजाय सही मात्रा में इस्तेमाल करें।

पर्याप्त पानी पिएं

पर्याप्त पानी पीने से शरीर में फ्लूइड बैलेंस बनाए रखने में मदद मिलती है। इसलिए अपने शरीर की जरूरत और दिनभर की गतिविधि के अनुसार पर्याप्त पानी पीने की कोशिश करें।

नींद पूरी करें

नींद की कमी का असर भूख और खाने की इच्छा से जुड़े हार्मोन पर पड़ सकता है। कम नींद लेने से ज्यादा भूख लग सकती है और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा बढ़ सकती है। इसलिए रोजाना पर्याप्त और अच्छी क्वालिटी की नींद लेने की कोशिश करें। रात को सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करना, देर शाम कैफीन लेने से बचना और सोने का समय नियमित रखना मददगार हो सकता है।

फेस एक्सरसाइज

फेस एक्सरसाइज करने से चेहरे की मांसपेशियों की टोन और मजबूती में कुछ मदद मिल सकती है। ऐसे में आप अपने रूटिन में फेस एक्सरसाइज भी शामिल कर सकते हैं।

पोस्चर का भी रखें ध्यान

लंबे समय तक गर्दन झुकाकर बैठने या आगे की ओर सिर रखने से जॉलाइन का लुक अलग दिखाई दे सकता है। गर्दन की हल्की मोबिलिटी एक्सरसाइज, अपर बैक स्ट्रेंथ और सही पोस्चर से चेहरे और जॉलाइन का लुक थोड़ा बेहतर दिखाई दे सकता है। ध्यान रखें कि पोस्चर सुधारने से चेहरे की चर्बी सीधे कम नहीं होती। इससे केवल चेहरे और गर्दन की ओवरऑल अपीयरेंस बेहतर दिखाई दे सकती है।

फेस फैट की वजह सिर्फ वजन नहीं

चेहरे का आकार और फुलनेस हर व्यक्ति में अलग होता है। जेनेटिक्स, हड्डियों की बनावट और उम्र के साथ होने वाले बदलाव भी चेहरे के आकार को प्रभावित कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां भी चेहरे पर सूजन या पफीनेस का कारण बन सकती हैं। इसलिए अगर आपका वजन सामान्य है, लेकिन चेहरे पर अचानक या लगातार ज्यादा सूजन या बदलाव नजर आ रहा है तो इसे केवल फैट मानकर नजरअंदाज करने के बदले डॉक्टर से संपर्क करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। इसमें दी गई जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी डाइट या एक्सरसाइज को अपनाने से पहले अपनी शारीरिक स्थिति का ध्यान रखें। स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *