S Jaishankar Ukraine and Poland visit: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर 3 से 5 सितंबर तक यूक्रेन और पोलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। उनका यह यूक्रेन दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब युद्ध को खत्म करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में भारत की भूमिका को लेकर उम्मीदें बढ़ रही हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ क्षेत्रीय घटनाक्रम और शांति प्रयासों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
यूक्रेन के विदेश मंत्री से करेंगे बातचीत
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, एस जयशंकर यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-यूक्रेन संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय घटनाक्रमों के साथ आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
खास बात यह है कि एस जयशंकर का यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब यूक्रेन भारत की भूमिका को लेकर अपनी उम्मीदें जाहिर कर चुका है। हाल ही में यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रथम उप प्रमुख सर्गी किस्लित्स्या ने भारतीय राजदूत अंजनी कुमार से मुलाकात की थी। इस बैठक में भारत-यूक्रेन संबंधों के अलावा रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों में भारत की भूमिका पर चर्चा हुई थी।
मोदी के संदेश का भी जिक्र
किस्लित्स्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया था कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दिए हालिया संदेश पर भी विचार हुआ। मोदी ने कहा था कि अब अंतहीन युद्ध से आगे बढ़कर युद्ध समाप्त करने का समय आ गया है।
किस्लित्स्या ने कहा कि यूक्रेन भारत के साथ लगातार संवाद जारी रखने और शांति की साझा इच्छा को ठोस कदमों में बदलने की उम्मीद करता है। ऐसे में एस जयशंकर की यात्रा को दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रूसी हमले में भारतीय नागरिक की मौत
एस जयशंकर का यूक्रेन दौरा हाल में हुए रूसी हवाई हमले के बाद भी महत्वपूर्ण है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया था कि रूस की ओर से किए गए बड़े हवाई हमले में 12 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। हमले में दर्जनों लोग घायल भी हुए थे।

