लखनऊ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में ‘श्री बुद्धेश्वर श्रृंगार समूह’ के तत्वावधान में देवाधिदेव महादेव का अत्यंत भव्य और दिव्य श्रृंगार संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बाबा के मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। धार्मिक अनुष्ठान मुख्य पुजारी रामू पुरी के पावन सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और विशेष पूजन के साथ संपन्न हुआ। मंदिर प्रांगण की संपूर्ण व्यवस्था और देखरेख धीरज बाबा की देखरेख में सुचारू रूप से संचालित हुई। श्रृंगार सेवादारों द्वारा बाबा बुद्धेश्वर का सुगंधित ताजे फूलों, भस्म, चंदन, भांग, बेलपत्र और सूखे मेवों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के उपरांत भगवान शिव की भव्य महाआरती उतारी गई। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आरती के बाद बाबा को विशेष भोग अर्पित कर उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस भव्य आयोजन एवं सेवा कार्य में श्री बुद्धेश्वर श्रृंगार समूह के अरविन्द सिंह, अभिषेक द्विवेदी, आदेश शुक्ला एवं ओंकार सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। मुख्य पुजारी रामू पुरी ने सभी भक्तों को आशीर्वाद प्रदान कर जनकल्याण की कामना की।

