संतकबीरनगर में मंगलवार शाम करीब 5 बजे राप्ती नदी में एक व्यक्ति का शव मिला। बिशनपुर कछार के पास नदी में शव उतराया दिखाई देने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस को डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि बिशनपुर कछार के पास राप्ती नदी में एक शव बह रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव बिशनपुर कछार-बढ़या ठाठर के पास नदी किनारे भंवर में फंसा हुआ था। काफी देर बाद शव नदी के किनारे आ लगा। पुलिस के अनुसार, शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मामला मेहदावल थाना क्षेत्र का है। मौके पर मौजूद लोगों से कराई पहचान पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी मृतक को पहचान नहीं सका। मृतक ने ब्लैक टी-शर्ट और नेवी ब्लू रंग की पैंट पहन रखी थी। पैरों में नीले रंग की क्रॉक्स चप्पल भी मिली है। शव की पहचान के लिए पुलिस ने शरीर पर मौजूद पहचान चिह्नों को भी दर्ज किया है। मृतक के दाहिने हाथ पर ‘ॐ’ का निशान और ‘SS’ का टैटू बना हुआ है। पुलिस इन्हीं पहचान चिह्नों के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। मेंहदावल थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। शव की पहचान कराने के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

