राजस्थान में युवाओं को साधने के लिए कांग्रेस का ‘जेन-जी फॉर चेंज’ अभियान शुरू

राजस्थान में युवाओं को साधने के लिए कांग्रेस का ‘जेन-जी फॉर चेंज’ अभियान शुरू

कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने राज्य में आगामी शहरी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से पहले युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने और विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार, कौशल तथा करियर के अवसरों से जुड़े मुद्दों पर जोड़ने के लिए ‘जेन-जी फॉर चेंज’ अभियान शुरू किया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया एवं डिजिटल मंच विभाग ने इस अभियान के लिए राज्य स्तर पर पेशेवर ‘जेन-जी’ समिति का भी गठन किया है। विभाग के अध्यक्ष सुमित भगासरा ने बताया कि इस पहल के तहत विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया जाएगा और उनकी चिंताओं, आकांक्षाओं तथा सुझावों को समझने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘जेन-जी’ युवा अपनी पीढ़ी की जरूरतों और चिंताओं को बेहतर तरीके से व्यक्त करने की स्थिति में हैं, तथा शिक्षा की गुणवत्ता, सीमित रोजगार अवसर, कौशल की कमी और भविष्य को लेकर अनिश्चितता जैसे मुद्दे उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। भगासरा ने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं और राजस्थान में नई पहल के जरिए इस तरह के संपर्क को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अभियान के तहत विभाग कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहा है।” भगासरा ने बताया कि अभियान को पूरे राज्य में विस्तार देने के लिए जिला स्तर पर भी इसी तरह की ‘जेन-जी’ समितियां गठित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि ये समितियां कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ‘जेन-जी’ विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद करेंगी तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को राज्य स्तर तक पहुंचाने का काम करेंगी। ‘जेन जी’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है। यह वह युवा वर्ग है जो तकनीक, इंटरनेट और सोशल मीडिया के साथ बड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *