Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला, मिसाइल-ड्रोन स्ट्राइक में एक भारतीय समेत 12 की मौत

Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला, मिसाइल-ड्रोन स्ट्राइक में एक भारतीय समेत 12 की मौत

Volodymyr Zelensky Russia Ukraine War: रूस ने एक बार फिर यूक्रेन में भारी तबाही मचाई है। इसकी जानकारी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को दी। जेलेंस्की ने बताया कि रूस की ओर से यूक्रेन में मिसाइल और ड्रोन से हमले किए गए। इन हमलों में एक भारतीय समेत 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘रूसी सेना ने रातभर हुए हमलों में बड़ी संख्या में जेट से चलने वाले ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया। इन हमलों में कई क्षेत्रों में रिहायशी और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। हमले में कुल 12 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है, जबकि दर्जनों अन्य घायल हुए हैं।’

खास बात यह है कि यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है, जब पीएम मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुतिन से यूक्रेन युद्ध खत्म करने में मदद की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत शांति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करता है। दोनों नेताओं के बीच इसके अलावा भारत-रूस संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

रूस ने मचाई भारी तबाही

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, राजधानी कीव में रेलवे डिपो पर हुए रूसी हमले में 7 लोगों की मौत हो गई। राहत और बचाव अभियान के लिए कीव और आसपास के क्षेत्रों में करीब 350 बचावकर्मियों को तैनात किया गया। बोरिस्पिल में पांच मंजिला आवासीय इमारत को नुकसान पहुंचा, जहां से करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। यहां 4 लोगों की मौत और 13 लोगों के घायल होने की जानकारी है। हमले में कई कारोबारी प्रतिष्ठान भी प्रभावित हुए।

रूस ने ओडेसा और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन और ग्लाइड बमों से हमले किए। इससे हजारों परिवारों की बिजली गुल हो गई। आपातकालीन टीमें बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं। रोमानिया सीमा की एक चौकी और निर्यात से जुड़ा बुनियादी ढांचा भी क्षतिग्रस्त हुआ। खेरसॉन, डोनेत्स्क, जापोरिज्जिया, खार्किव, चेर्निहाइव, जाइटोमिर, सुमी और निप्रॉपेट्रोस भी हमलों की चपेट में आए हैं।

जेलेंस्की ने सहयोगी देशों से मांगा एयर डिफेंस सिस्टम

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमलों में भारी जान-माल के नुकसान की एक बड़ी वजह देश की कमजोर वायु रक्षा क्षमता है। उन्होंने सहयोगी देशों से यूक्रेन को अतिरिक्त एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम मुहैया कराने की अपील की।

जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ऐसे हमलों की रणनीति बनाता है, जिससे ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि जब यूक्रेन के पास पर्याप्त एयर डिफेंस सिस्टम नहीं होते हैं, तब रूसी हमलों का असर और गंभीर हो जाता है। उन्होंने यूक्रेन की मदद कर रहे देशों का धन्यवाद भी किया। साथ ही, सहयोगी देशों से आने वाले महीनों में हथियारों और एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति बढ़ाने का आग्रह भी किया।

यूक्रेन पर रूसी हमले में आई तेजी

रूस की ओर से हाल के दिनों में यूक्रेन पर हमलों में तेजी आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अगस्त को कीव के पास एक गोला-बारूद डिपो पर रूसी हमले में 38 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 52 लोग घायल हुए थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि चार दिनों के दौरान यूक्रेन पर करीब 1,500 ड्रोन लॉन्च किए गए, जिनमें आधे से अधिक जेट से चलने वाले ड्रोन थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *