CNG-PNG और LPG से लेकर दूध और कारें तक, आज से महंगी हो गई हैं ये 5 चीजें

CNG-PNG और LPG से लेकर दूध और कारें तक, आज से महंगी हो गई हैं ये 5 चीजें

Changes from 1st September 2026: सितंबर का यह महीना कई चीजों में महंगाई लेकर आया है। महीने के पहले ही दिन 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर व 5 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। टाटा और हुंडई की कारें भी आज से महंगी हो गई हैं। एविएशन फ्यूल महंगा हो गया है। वहीं, मुंबई में महानगर गैस ने सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ा दिये हैं। मुंबई में तबेले वाला भैंस का दूध भी महंगा हो गया है।

कमर्शियल सिलेंडर हुआ महंगा

लगातार दो महीने कीमतों में गिरावट के बाद इस बार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। इसमें देशभर में करीब 10 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें 1 सितंबर से प्रभावी हैं। दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2747.50 रुपये हो गई है। वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 2 रुपये का इजाफा किया गया है।

एविएशन फ्यूल भी हुआ महंगा

एक सितंबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF भी महंगा हो गया है। यह फ्यूल विमानों में इस्तेमाल होता है। घरेलू एयरलाइन्स के लिए एटीएफ में 6.28 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। इससे नया भाव 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

CNG-PNG की कीमतों में उछाल

मुंबई में महानगर गैस ने एक सितंबर से सीएनजी महंगी कर दी है। इसमें 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया है। साथ ही कंपनी ने पीएनजी की कीमत में 1 रुपये प्रति SCM का इजाफा किया है। मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण इनपुट कॉस्ट बढ़ने के चलते दाम बढ़ाए गए हैं। मुंबई में अब सीएनजी का नया भाव 88 रुपये प्रति किलो हो गया है। वहीं, पीएनजी का रेट 53 रुपये प्रति एससीएम हो गया है।

कार खरीदना हुआ महंगा

1 सितंबर से टाटा और हुंडई की कारें खरीदना महंगा हो गया है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड की कारें 25 हजार रुपये तक महंगी हो गई हैं। कंपनी ने ईवी की भी कीमतें बढ़ाई हैं। वहीं, आज से हुंडई ने अपनी कारों की कीमतों में 1 फीसदी की बढ़ोतरी की है। कंपनी ग्रैंड आई10 निओस, आई20, एक्सटर, वेन्यू, क्रेटा, वरना और अल्काजार जैसे मॉडल बेचती है।

मुंबई में दूध हुआ महंगा

मुंबई में भैंस का ताजा दूध आज से 9 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने डेयरी फार्म या तबेले से सप्लाई होने वाले भैंस के ताजा दूध की थोक कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। इससे थोक कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यह कीमत 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *