फतेहाबाद में 27 दिन बाद कचरा उठान शुरू:पुलिस सुरक्षा के बीच वाहन रवाना; नगर परिषद के बाहर लगाया नोटिस

फतेहाबाद में 27 दिन बाद कचरा उठान शुरू:पुलिस सुरक्षा के बीच वाहन रवाना; नगर परिषद के बाहर लगाया नोटिस

फतेहाबाद में सफाई कर्मचारियों की 27 दिन से जारी हड़ताल के बीच मंगलवार को कचरा उठान का कार्य पुलिस सुरक्षा में शुरू हो गया। नगर परिषद से ‘डोर-टू-डोर’ कचरा उठाने वाले वाहनों को पुलिस बल की मौजूदगी में रवाना किया गया। प्रत्येक वाहन के साथ पुलिस की गाड़ी भी तैनात की गई है। यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के बाद हुई है। बीते दिन भारी पुलिस बल के साथ नगर परिषद कार्यालय में दबिश देकर हड़ताली कर्मचारियों के कब्जे से 14 टाटा एस (छोटा हाथी), एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर वाहन को मुक्त कराया गया था। इन्हीं वाहनों का उपयोग अब शहर में कचरा उठान के लिए किया जा रहा है। प्रशासन ने कार्यालय पर लगाए नोटिस हड़ताल पर अड़े कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने ‘नो वर्क नो पे’ के नोटिस नगर परिषद कार्यालय के बाहर चस्पा कर दिए हैं। इन नोटिसों के माध्यम से कर्मचारियों से तुरंत काम पर लौटने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कर्मचारी काम पर नहीं लौटते हैं, तो उन्हें वेतन नहीं दिया जाएगा। यह प्रशासन द्वारा जारी किया गया दूसरा नोटिस है। हरियाणा सिविल सेवाएं (सजा और अपील) नियमों के अनुसार, यदि तीसरा नोटिस जारी होने तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटते हैं, तो उन्हें सेवा से हटाने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। कार्यालयों में ‘जस का तस’ बिखरा पड़ा कूड़ा प्रशासन की सख्ती के बावजूद कर्मचारी फिलहाल हड़ताल पर डटे हुए हैं। बीते देर रात कर्मचारियों द्वारा नगर परिषद के विभिन्न अधिकारियों व प्रशासनिक दफ्तरों के भीतर फेंका गया कचरा आज भी जस का तस पड़ा हुआ है। पूरे कार्यालय कूड़े-करकट से अटे पड़े हैं, जिसके चलते अधिकारी और कर्मचारी सुबह दफ्तरों में हाजिरी लगाने के बाद बाहर ही बैठने को मजबूर दिखाई दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *