ब्रिक्स सम्मेलन के कारकेड रिहर्सल से दिल्ली की 35 से अधिक सड़कों पर मंगलवार को बदलेगा ट्रैफिक

ब्रिक्स सम्मेलन के कारकेड रिहर्सल से दिल्ली की 35 से अधिक सड़कों पर मंगलवार को बदलेगा ट्रैफिक

राष्ट्रीय राजधानी में ब्रिक्स सम्मेलन 2026 से पहले वाहनों के काफिले के पूर्वाभ्यास के कारण मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने यह जानकारी दी। ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन 11 से 13 सितंबर के बीच भारत मंडपम में किया जाएगा।

यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, काफिले के पूर्वाभ्यास के दौरान 22 स्थानों पर मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा और 35 से अधिक सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ और जनपथ शामिल हैं। इसके अलावा अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एनक्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहेगा।

डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। राम चरण अग्रवाल चौक से आगे वाणिज्यिक वाहनों को ‘डब्ल्यू-पॉइंट’ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से ‘सी-हेक्सागोन’ की ओर आने वाले वाहनों का मार्ग बदला जाएगा।

पटेल चौक, विंडसर प्लेस और संसद मार्ग पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर जाने वाले यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर पर मदर टेरेसा क्रिसेंट और तालकटोरा रोड की ओर जाने वाले यातायात को अनुमति नहीं दी जाएगी। वंदे मातरम मार्ग पर साइमन बोलिवर मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि धौला कुआं फ्लाईओवर से आने वाले वाहनों को सरदार पटेल मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

मोती बाग फ्लाईओवर पर वाहनों को शांति पथ के बजाय दूसरे मार्गों पर भेजा जाएगा। ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग पर अफ्रीका एवेन्यू से यशवंत प्लेस की ओर जाने वाले यातायात पर भी प्रतिबंध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *