गोरखपुर के खोराबार के रानीडीह स्थित वर्ड विजन डायग्नोसिस सेंटर में सोमवार को सेंटर के एक कर्मचारी के सिर में गोली लग गई। घटना की सूचना मिलते ही खोराबार पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल कर्मचारी को तत्काल कैंट क्षेत्र स्थित राजवंशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। कर्मचारी ने ही खुद को गोली मारी है, पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है। गोली किस असलहे से चली है, पुलिस इसके बारे में जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि शाम 6 बजे की घटना है। पुलिस को इसकी जानकारी रात करीब 9 बजे मिली। खुद को क्यों मारी गोली, जांच चल रही है घायल की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के भीटी गांव निवासी विशाल चंद पुत्र बजरंगी चंद के रूप में हुई है। उम्र करीब 25 साल का विशाल रानीडीह स्थित वर्ड विजन डायग्नोसिस सेंटर में कर्मचारी है। सोमवार को सेंटर पर मौजूदगी के दौरान उसके सिर में गोली लगने की घटना हुई। गोली चलने की आवाज और युवक के घायल होने की जानकारी मिलते ही सेंटर के अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
सेंटर के कर्मचारियों ने पुलिस को प्रारंभिक जानकारी दी कि विशाल ने खुद को गोली मार ली है। हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में चली और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नहीं दिया थाने पर प्रार्थना पत्र
सूचना मिलने के बाद खोराबार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय सेंटर में कौन-कौन लोग मौजूद थे और गोली किस असलहे से चली। असलहे के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और कर्मचारियों के बयानों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। इधर, घायल विशाल का राजवंशी हॉस्पिटल में उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है। घटना के संबंध में अभी तक विशाल के परिजनों की ओर से कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जांच की जा रही है, इसके बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

