Ram Mandir 4 Crore Cheque Bounce: अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने बीते दिनों श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए 4 करोड़ रुपये का चेक दिया था। ट्रस्ट ने चेक बैंक में जमा कराया, लेकिन संबंधित खाते में महज 3 रुपये मिले। पर्याप्त राशि न होने के कारण चेक बाउंस हो गया।
महिला की शर्त और दान
महिला श्रद्धालु चाहती थीं कि यह 4 करोड़ रुपये विशेष रूप से मंदिर कर्मचारियों की सुविधाओं पर खर्च हों। उन्होंने ट्रस्ट से लिखित आश्वासन मांगा था, लेकिन ट्रस्ट ने ऐसा आश्वासन नहीं दिया। महिला ने मंदिर के लिए अलग से 10 हजार रुपये का नकद दान भी दिया था। चेक बाउंस होने के बाद ट्रस्ट महिला से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।
बैंक की कार्रवाई की तैयारी
4 करोड़ रुपये के बड़े चेक के अनादरित होने पर बैंक महिला को नोटिस भेजने की तैयारी में है। नोटिस में खाते में पर्याप्त राशि न होने के बावजूद इतनी बड़ी रकम का चेक जारी करने का स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। चेक बाउंस के मामलों में कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है, जिसमें जुर्माना या जेल हो सकती है।
पहले भी बाउंस हुए थे चेक
वर्ष 2020 में राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान के दौरान करीब 3500 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। उस समय तकनीकी कारणों से करीब 100 करोड़ रुपये के चेक बाउंस हुए थे। बाद में अधिकांश राशि की भरपाई हो गई, लेकिन करीब 22 करोड़ रुपये की रिकवरी बाकी रही।
मंदिर को मिल रहा नियमित दान
रामलला मंदिर में हर महीने नकद, ऑनलाइन और चेक के जरिए करीब 3 से 4 करोड़ रुपये का दान मिलता है। इसमें चेक से करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस घटना के बाद ट्रस्ट बड़ी रकम के चेक स्वीकार करने में अतिरिक्त सतर्कता बरत सकता है।
अभी तक ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बैंक एक्शन की तैयारी में है, जबकि महिला से संपर्क साधने के प्रयास जारी हैं।

