सवाई माधोपुर: एसीबी ने 70 हजार रुपये घूस लेते रेलवे पुलिस आरक्षी को दबोचा

सवाई माधोपुर: एसीबी ने 70 हजार रुपये घूस लेते रेलवे पुलिस आरक्षी को दबोचा

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में सोमवार को रेलवे पुलिस के एक आरक्षी को कथित रुप से 70 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी मोहम्मद नदीम कुरैशी सवाई माधोपुर रेलवे थानाक्षेत्र की लखेरी रेलवे पुलिस चौकी पर तैनात है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि रेलवे सामग्री चोरी से जुड़े एक मामले में उसे आरोपी नहीं बनाने के बदले कुरैशी ने एक लाख रुपए रिश्वत मांगी थी। गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के आग्रह पर कुरैशी ने पहले रिश्वत की रकम घटाकर 80 हजार रुपए और बाद में 70 हजार रुपए करने पर सहमति जताई। एसीबी के अनुसार, सोमवार को कुरैशी ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और कहा कि वह रकम लेने उसके घर आएगा।

इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और कुरैशी को शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपए कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *