Sana Makbul Social Media Post: टीवी एक्ट्रेस सना मकबूल अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक ‘एक्स-फ्रेंड’ पर बिना नाम लिए जमकर निशाना साधा। सना ने आरोप लगाया कि वह दूसरों के पास जाकर उनके बारे में बातें कर रही है। उन्होंने उसे ‘डस्टबिन’ तक कह दिया और उसकी सोच को ‘गटर’ बताया। सना के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि कहीं उनका इशारा उनकी पुरानी दोस्त माही विज की ओर तो नहीं है।

‘अगर मैंने अपना मुंह खोला तो’
सना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिंदगी की अजीब बात है कि एक एक्स-फ्रेंड लोगों के पास जाकर उन्हें बदनाम कर रही है और बता रही है कि किसने क्या कहा। इसके बाद उन्होंने उस महिला को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने अपना मुंह खोल दिया तो वह उस इमेज के आसपास भी नहीं टिक पाएगी, जिसे वह खुद को एक ‘बेचारी और अबला नारी’ के तौर पर दिखाने की कोशिश कर रही है। सना ने आगे लिखा कि वह महिला गलत बातें कर रही है और उसकी सोच ‘गटर’ जैसी है। इसी दौरान उन्होंने उसे ‘डस्टबिन’ भी कह दिया।
‘मैं चुप हूं क्योंकि मैंने चुप रहना चुना है’
सना ने यह भी बताया कि वह अब तक इस मामले पर सार्वजनिक रूप से जवाब क्यों नहीं दे रही थीं। उन्होंने कहा कि वह इसलिए चुप नहीं हैं क्योंकि उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है, बल्कि उन्होंने खुद चुप रहना चुना है।
एक्ट्रेस के मुताबिक, वो सामने वाले के बनाए हुए ‘फालतू ड्रामे और गेम’ का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि अगर उनकी यह बात संबंधित व्यक्ति तक पहुंचती है तो उनके पास उसके और उसके आसपास के लोगों के बारे में कहने के लिए बहुत कुछ है।
‘100 चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’ का दिया उदाहरण
सना ने अपनी एक्स-फ्रेंड को मशहूर कहावत‘100 चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’ का उदाहरण भी बताया। उन्होंने इसके जरिए इशारा किया कि सामने वाली महिला अपने पुराने कामों के बावजूद खुद को मासूम और बेगुनाह दिखाने की कोशिश कर रही है। सना ने इसी अंदाज में उसे ‘बिग बॉस 20’ के लिए परफेक्ट कैंडिडेट भी बताया।
सना के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उस महिला की पहचान को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए। एक रेडिट थ्रेड में कई यूजर्स ने माही विज का नाम लिया। इसकी एक वजह यह भी बताई गई कि सना और माही, जो कभी करीबी दोस्त थीं, अब कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को फॉलो नहीं करती हैं।
एक यूजर ने लिखा कि उसे लगता है कि सना का इशारा माही विज की ओर है, हालांकि उसने यह भी कहा कि वह पक्के तौर पर नहीं कह सकता। वहीं, दूसरे यूजर ने दावा किया कि उसने दोनों के इंस्टाग्राम अकाउंट चेक किए और वे एक-दूसरे को फॉलो नहीं कर रहे हैं। एक अन्य कमेंट में भी सना के पोस्ट को माही से जोड़ते हुए दावा किया गया कि माही के ‘बिग बॉस’ में जाने की चर्चा के बीच यह पोस्ट सामने आया है।
सना ने नहीं लिया किसी का नाम
हालांकि, ये ध्यान रखना जरूरी है कि सना मकबूल ने अपनी पोस्ट में माही विज या किसी अन्य व्यक्ति का नाम नहीं लिया है। सोशल मीडिया पर माही का नाम सिर्फ यूजर्स के कयासों के आधार पर सामने आया है। माही विज की ओर से भी इस पोस्ट या इन अटकलों पर अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Sana Makbul story about her X friend calls her Dustbin Perfect candidate for Bigg Boss