Maharashtra FDA: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के प्रमुख आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने रेस्टोरेंट की सफाई व्यवस्था से जुड़ा ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि एक रेस्टोरेंट की जांच के दौरान अधिकारियों को बड़ी संख्या में चूहे मिले। जब मैनेजर से इस बारे में पूछा गया तो उसने सफाई देने के बजाय कहा कि ये उसके पालतू चूहे हैं।
रेस्टोरेंट में चूहे घूमते मिले
तुकाराम मुंढे का यह किस्सा एक वायरल पोस्ट में सामने आया है। इसमें वह खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान सामने आने वाली सफाई संबंधी गड़बड़ियों का जिक्र करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके अधिकारियों की टीम एक रेस्टोरेंट में जांच के लिए पहुंची थी। वहां काफी संख्या में चूहे घूमते मिले। अधिकारियों ने जब मैनेजर से इस बारे में सवाल किया तो उसका जवाब सुनकर वे भी हैरान रह गए। मैनेजर ने कहा कि ये चूहे उसके पालतू हैं।
यूजर्स ने किया सवाल
मुंढे की यह बात सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई। लोगों ने इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने इसे लेकर मजाकिया टिप्पणियां कीं, जबकि कई लोगों ने इसे खाद्य सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया। एक यूजर ने सवाल उठाया कि अगर रेस्टोरेंट में चूहों की मौजूदगी को पालतू कहकर नजरअंदाज किया जा रहा है तो वहां ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा। लोगों ने कहा कि रेस्टोरेंट में चूहे मिलना केवल सफाई की कमी का मामला नहीं है, बल्कि इससे ग्राहकों की सेहत और खाद्य सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
मुंढे की हुई तारीफ
वहीं मुंढे के काम करने के तरीके की भी कई लोगों ने तारीफ की। यूजर्स का कहना है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई जरूरी है, क्योंकि साफ-सफाई से समझौता सीधे ग्राहकों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। वायरल पोस्ट के बाद चूहों से जुड़ा यह किस्सा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की निगरानी को लेकर फिर चर्चा में आ गया है। बता दें कि करीब दो महीने के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 3,100 से ज्यादा निरीक्षण किए। इस दौरान करीब 165 लाइसेंस निलंबित किए गए और 750 से ज्यादा प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।


Indian Gems (@IndianGems_)