BCCI ने IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर सभी 10 फ्रेंचाइजियों से फीडबैक मांगा है। टीमों को सोमवार तक अपनी राय देने को कहा गया है। कुछ महीने पहले बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिया था कि IPL 2026 के बाद इम्पैक्ट प्लेयर नियम की समीक्षा की जाएगी। क्रिकबज के मुताबिक, फ्रेंचाइजियों से क्रिकेट संचालन से जुड़े कई मुद्दों पर सुझाव मांगे गए हैं। इनमें इम्पैक्ट प्लेयर नियम के अलावा PMOA (प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल एरिया), अंपायरिंग, प्रैक्टिस सेशन और खेलने की शर्तें भी शामिल हैं। रोहित-विराट समेत कई खिलाड़ी कर चुके विरोध इम्पैक्ट प्लेयर नियम की रोहित शर्मा और विराट कोहली समेत कई प्रमुख भारतीय क्रिकेटर आलोचना कर चुके हैं। उनका मानना है कि इससे गेंदबाजों की भूमिका और टी-20 क्रिकेट में बल्ले-बॉल के संतुलन पर असर पड़ता है। हालांकि, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने मई में नियम का बचाव किया था। उन्होंने IPL में कम स्कोर वाले मैचों का उदाहरण देते हुए कहा था कि सभी मुकाबले हाई-स्कोरिंग नहीं रहे और गेंदबाजों को भी अच्छी विकेट मिली हैं। सैकिया ने कहा था, सब कुछ हो रहा है,यह एक पैकेज में पूरा गुलदस्ता है। फ्रेंचाइजियों की राय के बाद होगा फैसला सैकिया ने हाल ही में कहा था कि अगर फ्रेंचाइजियां इस नियम को लेकर चिंता जताती हैं, तो बोर्ड इस पर दोबारा विचार करने के लिए तैयार रहेगा। अब सभी 10 टीमों से राय मिलने के बाद BCCI इन सुझावों की समीक्षा करेगा। बोर्ड इसके आधार पर तय करेगा कि IPL 2027 से पहले इम्पैक्ट प्लेयर नियम में किसी बदलाव की जरूरत है या नहीं। फिलहाल नियम लागू है, लेकिन फ्रेंचाइजियों की राय अगले सीजन में इसके भविष्य को लेकर अहम हो सकती है। ———————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एशिया कप- भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया भारत ने विमेंस टी-20 एशिया कप में जीत से शुरुआत की है। टीम ने रविवार को थाईलैंड को 94 रन से हराया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में थाईलैंड 160 रन चेज करते हुए 16.1 ओवर में 65 रन पर ऑलआउट हो गई। पूरी खबर…
क्या IPL से हटेगा इम्पैक्ट प्लेयर नियम:BCCI ने 10 फ्रेंचाइजियों से जवाब मांगा, 31 अगस्त तक राय देनी होगी

