झाबुआ में सोमवार को सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर गार्डन से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। इसके बाद SDM महेश मंडलोई को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें शिक्षकों की कमी, जर्जर स्कूल भवन और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया। स्कूलों में शिक्षकों की कमी पर उठाए सवाल प्रदर्शन प्रदेश सचिव कोमलसिंह डामोर, प्रदेश संगठन सचिव रालु निनामा और जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ के नेतृत्व में हुआ। ज्ञापन में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी नेताओं के मुताबिक, कई स्कूलों में या तो शिक्षक नहीं हैं, या फिर स्कूलों में छात्रों की संख्या के मुताबिक स्टाफ कम है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐसे स्कूलों में तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। जर्जर भवनों की मरम्मत की मांग आप नेताओं ने जिले के कई सरकारी स्कूलों के भवनों की स्थिति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ भवन जर्जर हैं। बारिश के दौरान कई जगह छत से पानी टपकने की समस्या है। ज्ञापन में खराब स्कूल भवनों की तुरंत मरम्मत और जीर्णोद्धार की मांग की गई। साथ ही बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। इनमें पीने का साफ पानी, पर्याप्त शौचालय, बिजली और पंखे शामिल हैं। इसके साथ प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को यूनिफॉर्म नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब और ग्रामीण बच्चों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग की है। पार्टी के अनुसार, इस योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान होना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर आगे आंदोलन किया जाएगा।

