निकाय चुनाव आवेदन की सोमवार को अंतिम तिथि होने के कारण नगर परिषद में उम्मीदवारों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ नगर परिषद पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी व सीईओ श्वेता कोचर के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। भाजपा प्रत्याशियों के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और विधायक हरलाल सहारण भी मौजूद थे। वे राठौड़ के सैनिक बस्ती स्थित आवास से जुलूस के रूप में नगर परिषद पहुंचे। राठौड़ और सहारण ने भाजपा उम्मीदवारों को उत्साहित किया और उन्हें आवेदन जमा कराने के लिए भेजा। नगर परिषद के सामने भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे तैनात पुलिसकर्मियों ने नियंत्रित किया। कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे और उत्साहपूर्वक अपने आवेदन जमा कराए। सोमवार दोपहर तक भाजपा और कांग्रेस ने अपने आधिकारिक प्रत्याशियों की कोई सूची जारी नहीं की थी। इससे पहले शनिवार शाम तक 52 प्रत्याशियों ने आवेदन पेश किए थे। आवेदन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवार भी पहुंचीं, जिनमें से कुछ अपनी गोद में छोटे बच्चों को लेकर आई थीं। उन्होंने बच्चों को आवेदन हॉल में पड़े सोफों पर सुलाकर अपने फॉर्म जमा किए। उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ पार्टी के झंडे, तख्तियां और डीजे के साथ नाचते-गाते और नारेबाजी करते हुए नगर परिषद पहुंचे। पुलिस जाप्ते ने भीड़ को परिषद के बाहर रोककर केवल उम्मीदवार और प्रस्तावकों को ही अंदर प्रवेश दिया। सदर थाने के सामने लगा भारी जाम
भाजपा व कांग्रेस की ओर से लिस्ट जारी नहीं करने के कारण उम्मीदवार आवेदन करने नगर परिषद पहुंचे। इसके चलते सदर थाना व नया बस स्टैण्ड चैराहा पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिसके चलते वाहन चालकों को बड़ी परेशानी हुई। वहीं इस जाम एक एंबूलेंस भी फंस गयी। जिसको बड़ी मशक्कत के बाद जाम से बाहर निकलवाया गया।

