‘मैं फिर से चल पाऊंगा भी या नहीं?’, आशिकी फेम राहुल रॉय ने बयां किया दर्द, ब्रेन स्ट्रोक के मुश्किल दौर को किया याद

‘मैं फिर से चल पाऊंगा भी या नहीं?’, आशिकी फेम राहुल रॉय ने बयां किया दर्द, ब्रेन स्ट्रोक के मुश्किल दौर को किया याद

Rahul Roy On Brain Stroke: ‘आशिकी’ से रातोंरात स्टार बने अभिनेता राहुल रॉय की जिंदगी में साल 2020 एक ऐसा मोड़ लेकर आया, जिसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। करियर में सफलता, शोहरत और फिर बिग बॉस की ट्रॉफी जीतने वाले राहुल रॉय को नवंबर 2020 में ब्रेन स्ट्रोक का सामना करना पड़ा था। उस वक्त वह कारगिल में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। हाल ही में अभिनेता ने फ्री प्रेस जर्नल से बात करते हुए उस मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि एक समय उन्हें खुद नहीं पता था कि वो दोबारा ठीक से चल या बोल पाएंगे या नहीं।

कारगिल में शूटिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत

राहुल रॉय साल 2020 में फिल्म ‘LAC- लिव द बैटल’ की शूटिंग के लिए कारगिल पहुंचे हुए थे। इसी दौरान उन्हें सेरेब्रोवास्कुलर स्ट्रोक हुआ। हालत गंभीर होने के बाद उन्हें पहले श्रीनगर ले जाया गया और फिर मुंबई लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें आईसीयू में भी रहना पड़ा।

अभिनेता के लिए सबसे मुश्किल बात यह थी कि उस समय उन्हें अपनी रिकवरी को लेकर कोई स्पष्टता नहीं थी। स्ट्रोक का असर उनकी बोलने की क्षमता पर भी पड़ा। राहुल ने बताया कि उस दौर में उनके मन में यही सवाल था कि क्या वह भविष्य में सामान्य तरीके से बोल और चल सकेंगे।

धीरे-धीरे वापस सामान्य जिंदगी की ओर बढ़े

राहुल रॉय के लिए रिकवरी का सफर आसान नहीं था। परिवार ने इस दौरान उनका लगातार साथ दिया और अभिनेता ने भी अपनी जिंदगी में कई बड़े बदलाव किए। उन्होंने अपनी पुरानी जीवनशैली को पीछे छोड़ते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना शुरू किया।

राहुल पहले काफी ज्यादा धूम्रपान करते थे और नॉन-वेज खाना भी खाते थे। स्ट्रोक के बाद उन्होंने अपनी डाइट में बड़ा बदलाव किया और इन आदतों से दूरी बना ली। अब उनका दिन एक तय रूटीन के साथ शुरू होता है। नाश्ते के बाद उन्हें रोजाना आठ दवाइयां लेनी पड़ती हैं।

हालांकि, अभिनेता का कहना है कि अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है। वह धीरे-धीरे काम की दुनिया में भी वापसी कर रहे हैं।

‘आशिकी’ ने बनाया था रातोंरात स्टार

राहुल रॉय का नाम हिंदी सिनेमा में उस दौर से जुड़ा है, जब महेश भट्ट की फिल्म ‘आशिकी’ ने उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई थी। साल 1990 में रिलीज हुई इस फिल्म में उनके साथ अनु अग्रवाल नजर आई थीं। फिल्म की सफलता के साथ राहुल रॉय युवा दर्शकों के बीच बड़े स्टार बन गए।

इसके बाद उन्होंने ‘जुनून’ समेत कई फिल्मों में काम किया। हालांकि उनका फिल्मी सफर हमेशा एक जैसा नहीं रहा और उन्हें करियर में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा।

बिग बॉस जीतकर भी बटोरी सुर्खियां

फिल्मों के अलावा राहुल रॉय ने रियलिटी टीवी में भी अपनी पहचान बनाई। साल 2007 में वो ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन के विजेता बने। उन्होंने कैरोल ग्रेसियस समेत अन्य प्रतियोगियों को पीछे छोड़कर ट्रॉफी अपने नाम की थी और एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि जीती थी।

अब अभिनेता एक बार फिर एक्टिंग में सक्रिय हैं। उनकी पिछली प्रमुख फिल्मों में ‘आगरा’ शामिल है, जो 2025 में रिलीज हुई थी। आने वाले समय में वह ‘सुपर बादशाह’ नाम की सीरीज में नजर आएंगे, जिसमें वह करणवीर बोहरा के साथ अंडरवर्ल्ड डॉन का किरदार निभाते दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *