Mumbai Port Accident: मुंबई पोर्ट पर बड़ा हादसा, कंटेनर हटाते वक्त क्रेन का तार टूटा, आग लगने से 2 लोग घायल

Mumbai Port Accident: मुंबई पोर्ट पर बड़ा हादसा, कंटेनर हटाते वक्त क्रेन का तार टूटा, आग लगने से 2 लोग घायल

Mumbai Port Fire: दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट स्थित मुंबई पोर्ट में रविवार रात कार्गो उतारने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक क्रेन में अचानक पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में क्रेन के दो ऑपरेटर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

माल उठाते समय बिगड़ा संतुलन

पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार रात साढ़े सात बजे के करीब बीपीएस पोर्ट क्षेत्र में पियर पॉप के पास हुआ। बारबाडोस के झंडे वाले ‘वियना’ जहाज पर करीब 140 मीट्रिक टन माल लदा था। इस माल को उतारने के लिए दो क्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। एक कंटेनर उठाने के दौरान एक क्रेन से उसे बांधने वाला तार टूट गया। इसके बाद कंटेनर का वजन दूसरी क्रेन पर आ गया। अचानक बढ़े भार के कारण दूसरी क्रेन जमीन से ऊपर उठ गई और पलट गई।

जहाज से टकराया क्रेन का बूम, फिर लगी आग

पुलिस के मुताबिक, क्रेन का अगला टेलीस्कोपिक बूम जहाज से जा टकराया। टक्कर और घर्षण के कारण क्रेन में भीषण आग लग गई। जिससे पोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई पोर्ट की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और इसे आसपास फैलने से रोक दिया गया।

दो क्रेन ऑपरेटर घायल

हादसे में बरकत कंपनी के दो क्रेन ऑपरेटर रंजीत सिंह और निशांत सिंह घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल इलाज के लिए सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया। उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद येलो गेट पुलिस स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों, क्रेन संचालन में सुरक्षा मानकों के पालन और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *