परिवहन निगम की साधारण बसों में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ लेने में अब दिक्कत नहीं होगी। निगम ने आधार और वोटर कार्ड की डुप्लीकेसी रोकने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत टिकट मशीन से पहचान पत्र पर दर्ज क्यूआर कोड स्कैन किया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन होते ही महिला यात्री का पूरा विवरण सामने आ जाएगा, जिससे कार्ड की सत्यता की जांच की जा सकेगी। पात्रता की जांच के बाद जारी होगा शून्य मूल्य का टिकट महिला यात्री के पहचान पत्र पर दर्ज क्यूआर कोड को टिकट मशीन से स्कैन करने के बाद उसकी पात्रता की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा। इस संबंध में परिवहन निगम मुख्यालय के आईटी सेल की ओर से व्यवस्था लागू कर दी गई है। क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अनुबंधित बसों में भी मिलेगा मुफ्त यात्रा का लाभ योजना का लाभ 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं परिवहन निगम की साधारण बसों के साथ-साथ अनुबंधित बसों में भी ले सकेंगी। निगम का कहना है कि क्यूआर कोड स्कैन की व्यवस्था से पात्र महिलाओं की पहचान करने में आसानी होगी और फर्जी या डुप्लीकेट पहचान पत्रों के जरिए योजना का गलत लाभ लेने पर भी रोक लगेगी। आगे वरिष्ठ महिलाओं को मिलेंगे स्मार्ट कार्ड परिवहन निगम आने वाले दिनों में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए स्मार्ट कार्ड जारी करने की भी तैयारी कर रहा है। स्मार्ट कार्ड को लेकर अलग से सूचना जारी की जाएगी। इसके बाद मुफ्त यात्रा की प्रक्रिया और अधिक आसान होने की उम्मीद है।

