लखनऊ के चिनहट इलाके में रविवार सुबह 26 साल के डिलीवरी ब्वॉय का शव कमरे में पंखे के सहारे गमछे के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। तालकटोरा इलाके में लोन की किश्त नहीं चुका पाने से परेशान 28 साल के गिफ्ट कारोबारी ने शनिवार रात टॉयलेट में रखा एसिड पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां रविवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुलायम नगर निवासी राकेश एक निजी ऑनलाइन कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय था। भाई कमलेश के मुताबिक, शनिवार देर रात राकेश शराब के नशे में घर आया और अपने कमरे में चला गया। रविवार सुबह पिता राम प्रसाद उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचे तो राकेश गमछे के फंदे से पंखे के सहारे लटका मिला। परिजन आनन-फानन उसे उतारकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गिफ्ट कारोबारी ने पिया जहर वहीं सरिपुरा मानस विहार कॉलोनी निवासी शिव शंकर मिश्र का बेटा आशीष (28) गिफ्ट आइटम का कारोबार करता था। पिता के मुताबिक, करीब चार साल पहले आशीष ने मोबाइल ऐप के जरिए एक बैंक से लोन लिया था। वह लगातार किश्तें जमा कर रहा था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से कारोबार ठीक नहीं चलने के कारण किश्तें जमा नहीं कर पा रहा था। आरोप है कि बैंक की ओर से लगातार फोन आने और किश्त जमा करने के दबाव के चलते आशीष मानसिक रूप से परेशान था। शनिवार रात उसने बाथरूम में रखा टॉयलेट एसिड पी लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आशीष के परिवार में पत्नी रूपा और बेटा जयेश हैं। थाना प्रभारी कुलदीप दुबे ने बताया कि घटना के संबंध में अभी परिवारीजनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।

