पहुंज नदी में डूबा युवक, 52 घंटे से तलाश जारी:जालौन में तेज बहाव के कारण दूसरी जगह बहने की आशंका

पहुंज नदी में डूबा युवक, 52 घंटे से तलाश जारी:जालौन में तेज बहाव के कारण दूसरी जगह बहने की आशंका

जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के सलैया बुजुर्ग गांव में पहुंज नदी में डूबे 28 वर्षीय युवक हरिशंकर कौरव का 52 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे नदी में नहाने उतरा हरिशंकर तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गया था। घटना के बाद से पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं। वहीं, एनडीआरएफ की टीम भी लगातार तीसरे दिन नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। सलैया बुजुर्ग निवासी हरिशंकर कौरव पुत्र स्वर्गीय पहलवान सिंह गुरुवार शाम गांव की ओर से पहुंज नदी के पुल के पास पहुंचा था। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, उस समय वह नशे की हालत में था। उसने नदी में नहाने के लिए कपड़े उतारकर तौलिया पेड़ पर रख दिया। मौके पर मौजूद कविता धीमर और राघवेंद्र कौरव ने उसे नदी में उतरने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और नदी में उतर गया।
कुछ ही देर बाद हरिशंकर तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया और फिर दिखाई नहीं दिया। सूचना मिलते ही कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार तीसरे दिन भी नदी में संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की जा रही है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
थानाध्यक्ष अवनीश पटेल के मुताबिक, नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। आशंका है कि पानी के तेज बहाव में युवक कई किलोमीटर दूर तक बह गया हो। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *