करनाल जिला के मुनक क्षेत्र में कढ़ी-चावल खाने के लिए रुके एक किसान पर चार युवकों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों में से एक ने रेहड़ी से तवा उठाकर किसान के सिर पर मार दिया, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के दौरान उसकी जेब से हजारों रुपए निकालने का भी आरोप है। पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पानीपत से लौटते समय 6 हजार पुल पर रुके थे
रायसन निवासी विक्रम सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। बीती 26 अगस्त को वह गांव के राजिंद्र पुत्र कंवरपाल के साथ उसकी होंडा मोटरसाइकिल पर निजी काम से पानीपत गया था। वापस लौटते समय दोपहर करीब 2 बजे दोनों मुनक के 6 हजार पुल के पास कुछ खाने-पीने के लिए रुक गए। वहां पास में कुल्चे-छोले और कढ़ी-चावल बेचने वाली रेहड़ी लगी थी। दोनों ने रेहड़ी वाले से कढ़ी-चावल की प्लेट लेकर खाना शुरू किया। विक्रम के अनुसार इसी दौरान पास खड़े चार अज्ञात युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। रेहड़ी से तवा उठाकर सिर में मारा
शिकायत के अनुसार मारपीट के दौरान चारों युवकों में से एक ने कढ़ी-चावल की रेहड़ी से तवा उठाया और विक्रम के सिर पर मार दिया। इससे उसके सिर में चोट लगी और वह खून से लथपथ हो गया। इसके बाद चारों युवक मौके से भाग गए।
विक्रम ने बताया कि घटना के बाद वह और राजिंद्र काफी घबरा गए और मोटरसाइकिल चलाने की स्थिति में नहीं थे। दोनों निजी वाहन की मदद से बल्ला के सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं मिला। इसके बाद वे असंध के सरकारी अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने विक्रम की एमएलआर काटकर उसे करनाल रेफर कर दिया। राजिंद्र ने मुनक पहुंचकर तीन आरोपियों की पहचान की
विक्रम के अनुसार कल राजिंद्र मुनक से मोटरसाइकिल लेकर आया और आरोपियों के नाम-पते का पता किया। इनमें काला पुत्र नफे सिंह, बजिंद्र पुत्र राजबीर और अमन पुत्र नामालूम, निवासी मुनक के नाम सामने आए। शिकायत में कहा गया कि मारपीट के दौरान चारों में से किसी एक ने विक्रम की जेब से 1370 रुपए निकाल लिए। इनमें 500 रुपए के दो नोट, 200 रुपए का एक नोट, 50 रुपए के तीन नोट और 20 रुपए का एक नोट शामिल था। करनाल अस्पताल में दर्ज किए बयान, दो चोटें मिलीं
घटना की सूचना के बाद पुलिस अस्पताल में ब्यान लेने के लिए पहुंची, लेकिन वहां पर विक्रम नहीं था। जिसके बाद 29 अगस्त को पुलिस को शिकायत मिली और पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई संदीप को सौपी गई है। पुलिस की माने तो पुलिस अब आरोपियाें की भूमिका और घटना में शामिल चौथे युवक की पहचान की जांच कर रही है।

