वडोदरा के वाघोडिया थाना क्षेत्र में गुताल गांव की घटना, कंपनी में साथ करते थे काम, डेढ़ महीने से था प्रेम संबंध
वडोदरा. ग्रामीण पुलिस ने एक महिला की हत्या का मामला सुलझाते हुए ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को जिले के वाघोडिया थाना क्षेत्र के गुताल गांव में एक खेत के कमरे में अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिला था। पहचान मिटाने के लिए शव को धान के पुआल और घास के गट्ठरों के बीच जलाया गया था।
जांच के दौरान घटनास्थल के पास से मिले पर्स से मृतका की पहचान लक्ष्मी गिरीश रोहित के रूप में हुई। वह वडोदरा जिले की सावली तहसील के देवनगर-नटवरनगर की निवासी थी। वह 25 अगस्त को नौकरी की तलाश में घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। पुत्र उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके पुत्र ने भादरवा थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस महानिरीक्षक संदीप सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल के निर्देशन में पुुलिस उपाधीक्षक आकाश पटेल की निगरानी में एलसीबी, एसओजी और वाघोड़िया थाने की टीमों ने जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि महिला एक युवक के साथ बाइक से जा रही थी। शक के आधार पर पुलिस ने सावली तहसील के पसवा गांव निवासी विष्णु मकवाणा को पकड़ा।
उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि महिला और वह मंजूसर की एक कंपनी में साथ काम करते थे और उनके बीच डेढ़ महीने से प्रेम संबंध था। 25 अगस्त को उसने महिला को मिलने के लिए मंजूसर जीआइडीसी की ओर बुलाया। वहां से बाइक पर बिठाकर गुताल गांव में खेत की ओर ले गया। प्रेम संबंध में विवाद होने पर विष्णु ने लोहे के धारिए से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन दोपहर में, पहचान छिपाने के लिए उसने खेत के कमरे में आग लगाकर शव को जला दिया। उसने बताया कि उसने हत्या में इस्तेमाल बाइक पंचमहाल जिले के हालोल से और मोबाइल मंजूसर से चुराया था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 12 अलग-अलग मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
मकरपुरा थाने के सामने कार पलटी, शराब बरामद
वडोदरा. शहर में मकरपुरा डिपो से जांबुवा बाईपास की ओर जाने वाले मार्ग पर मकरपुरा थाने के सामने एक कार पलट गई। सूत्रों के अनुसार, चालक नशे की हालत में कार चला रहा था। नशे में होने के कारण उसने स्टियरिंग से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकराकर सामने के रोड पर पलट गई। डिवाइडर पर लगी लोहे की जाली के एंगल कार के अंदर घुस गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कार से शराब का एक क्वार्टर और गो-गो पेपर मिलने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही मांजलपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

