Indian Railways: गणपति भक्तों के लिए खुशखबरी, मुंबई से मडगांव के बीच 4 नई स्पेशल ट्रेनों का ऐलान

Indian Railways: गणपति भक्तों के लिए खुशखबरी, मुंबई से मडगांव के बीच 4 नई स्पेशल ट्रेनों का ऐलान

Ganpati Special Train: गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने मुंबई और गोवा के बीच 4 अतिरिक्त गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये विशेष ट्रेनें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और मडगांव के बीच कुल चार फेरे लगाएंगी। इससे गणेशोत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार, 01007 सीएसएमटी-मडगांव गणपति स्पेशल 11 और 13 सितंबर को मुंबई के CSMT से रवाना होगी, जबकि 01008 मडगांव-CSMT स्पेशल इन्हीं तारीखों पर मडगांव से मुंबई के लिए भी चलेगी।

CSMT से मडगांव जाने वाली ट्रेन का समय

ट्रेन नंबर 01007 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 11 सितंबर और 13 सितंबर को रात 12:40 बजे रवाना होगी। ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:30 बजे मडगांव पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 01008 मडगांव से 11 सितंबर और 13 सितंबर को शाम 4:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। इस तरह दोनों दिशाओं में दो-दो सेवाएं मिलाकर कुल 4 अतिरिक्त गणपति स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

मुंबई से मडगांव के बीच चलने वाली इन स्पेशल ट्रेनों को कोंकण के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। यात्रियों के लिए ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज इस प्रकार हैं- दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, माणगांव, वीर, खेड़, चिपलून, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, आडवली, विलवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम, करमाली और मडगांव।

ट्रेन में कितने कोच होंगे?

सेंट्रल रेलवे की इस गणपति स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। जिसमें 2 एसी 3-टियर, 12 स्लीपर क्लास, 6 जनरल सेकेंड क्लास और 2 सेकेंड सीटिंग-कम-गार्ड ब्रेक वैन शामिल है। इससे यात्रियों को एसी के साथ-साथ स्लीपर और सामान्य श्रेणी में भी यात्रा का विकल्प मिलेगा।

आज से शुरू हुई रिजर्वेशन की सुविधा

01007 गणपति आरक्षित स्पेशल ट्रेन की बुकिंग आज 29 अगस्त से शुरू हो चुकी है। वहीं, अनारक्षित कोचों में सामान्य किराये पर यात्रा करने वाले यात्री UTS सिस्टम के जरिए टिकट ले सकते हैं। यात्री टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट या फिर RailOne ऐप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

गणपति उत्सव के दौरान मुंबई से कोंकण और गोवा की ओर बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। ऐसे में सेंट्रल रेलवे की इन चार अतिरिक्त सेवाओं से नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने और कोंकण जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प देने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *