ARTO कार्यालय में तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए:चंदौली DM ने वेतन रोकने के निर्देश दिए, व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश

ARTO कार्यालय में तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए:चंदौली DM ने वेतन रोकने के निर्देश दिए, व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश

चंदौली के जिलाधिकारी (DM) चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को गंजख्वाजा स्थित सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ DM ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए ARTO, PRO अधिकारी सहित तीन कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने के साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस (शो-काज) जारी करने के निर्देश दिए गए। DM ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न करने की बात कही।
DM ने कार्यालय की विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। फाइलों पर धूल जमी देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी पत्रावलियों का सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान DM ने कार्यालय परिसर में अपने काम के सिलसिले में आए आम नागरिकों से भी बातचीत की। उन्होंने दलालों के हस्तक्षेप या अनावश्यक देरी के संबंध में फीडबैक लिया। DM ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ARTO कार्यालय सीधे जनता से जुड़ा विभाग है, इसलिए यहां पारदर्शिता और त्वरित सेवा सर्वोपरि होनी चाहिए।
निरीक्षण के अंत में DM ने अधिकारियों को जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और कार्यालयीन व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने पूरे कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और आवेदकों के बैठने की समुचित व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *