सोने के भंडार से मालामाल हो सकता है कर्नाटक, वन क्षेत्र में 78 जगह ड्रिलिंग शुरू, 9180 KG गोल्ड मिलने के संकेत

सोने के भंडार से मालामाल हो सकता है कर्नाटक, वन क्षेत्र में 78 जगह ड्रिलिंग शुरू, 9180 KG गोल्ड मिलने के संकेत

हावेरी। कर्नाटक के हावेरी जिले में सोने सहित अन्य खनिज संपदा की संभावनाओं को लेकर खोज अभियान तेज हो गया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की ओर से हाल में कराए गए हवाई सर्वेक्षण के बाद बैडगी तालुक के सालुगुड्डा और हानगल तालुक के संक्रिकोप्पा क्षेत्र में खनिज भंडार की पुष्टि के लिए विस्तृत अन्वेषण शुरू किया गया है।

कुंदन गोल्ड माइन्स कंपनी को केंद्र सरकार से समग्र लाइसेंस मिलने के बाद 347 हेक्टेयर वन क्षेत्र में 78 स्थानों पर ड्रिलिंग की अनुमति मिली है। कंपनी इन स्थानों से निकाले गए खनिज नमूनों का वैज्ञानिक परीक्षण करेगी। निर्धारित मात्रा में सोना मिलने पर आगे खनन की अनुमति के लिए आवेदन किया जा सकेगा। खनिज एवं भूविज्ञान विभाग के अधिकारी के अनुसार, कंपनी ने पहले सतही सर्वेक्षण के आधार पर प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की थी। इसके बाद भूमिगत खनिज संरचना की जांच के लिए ड्रिलिंग की अनुमति दी गई। वन क्षेत्र में कार्य के लिए वन विभाग की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

गणजूर में भी मिले संकेत

हावेरी तालुक के गणजूर में डेक्कन गोल्ड माइनिंग कंपनी के अधीन डेक्कन एक्सप्लोरेशन सर्विसेज ने पूर्व में सर्वेक्षण किया था। रिपोर्ट के अनुसार वहां करीब 27 लाख टन ऑक्साइड एवं सल्फाइड खनिज होने और प्रति टन करीब 3.40 ग्राम सोना मिलने की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार यहां करीब 9180 किलो सोना मौजूद होने की संभावना है। रट्टीहल्लि के नागवंद, राणेबेन्नूर के काकोल, बैडगी के चिन्निकट्टी और चिन्नमुलगुंद सहित कई क्षेत्रों में भी सोने के संभावित भंडार की प्रारंभिक जानकारी मिली है। कुंदन गोल्ड माइन्स कंपनी तुमकुरु जिले के अंजनहल्ली में 949 हेक्टेयर क्षेत्र में जी-3 स्तर का अन्वेषण भी कर रही है।

एक रिपोर्ट के अनुसार सोने का मुख्य भंडार बन्नेगुड्डा के ठीक नीचे स्थित है और खनिज करीब 72 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यहां सामान्य आकार के गड्ढों से सोने का खनन किया जा सकता है। खनिज खोज टीम ने 480 एकड़ जमीन में 200 स्थानों पर बोरवेल किए थे। भूजल भंडार तक पहुंचने से पहले ही खनिज युक्त पत्थर मिले थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि खनिज भंडार राष्ट्रीय हाईवे, रेलवे स्टेशन, वरदा नदी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के पास स्थित है। इस वजह से यह क्षेत्र खनन के लिए उपयुक्त माना गया है।

हावेरी जिले के 347 हेक्टेयर वन क्षेत्र में निजी कंपनी को खनिज अन्वेषण की अनुमति दी गई है। बोरवेल मशीनों से ड्रिलिंग कार्य शुरू हुआ है।

  • प्रभाकरन अक्षय, जिला वन अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *