जालंधर में आम आदमी पार्टी (आप) के सेंट्रल हलके से प्रभारी नितिन कोहली ने महिलाओं के साथ रक्षाबंधन मनाया। कोहनी ने कहा कि हलके की महिलाओं से सीधे जुड़ाव के लिए लगातार दूसरे साल रक्षाबंधन (राखी) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान हलके की महिलाओं ने विधायक को राखी बांधी। इस मौके पर कोहली ने कहा कि ईश्वर जब तक जीवन देगा, वह हर साल यह आयोजन इसी तरह जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि कई ऐसी महिलाएं भी पहुंचीं जिनके घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं है, वे मुझमें अपना भाई पाकर भावुक हो गईं। हलका प्रभारी ने बताया कि पिछले साल हलके की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए इस पहल की शुरुआत की थी। पार्टी नेतृत्व और स्थानीय पार्षदों के सहयोग से यह कार्यक्रम इस वर्ष भी बेहद सफल रहा। आगामी विस चुनाव को लेकर बोले-तैयारी मजबूती से चल रही है
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर काम बहुत मजबूती से चल रहा है। पिछले 10 से 15 वर्षों से लंबित पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है और आम जनता से सीधा संवाद कायम किया जा रहा है। विपक्ष द्वारा इस आयोजन और जन-कल्याणकारी योजनाओं पर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को सिर्फ राजनीति करने की आदत है, जबकि जनसेवा करना बेहद कठिन काम है। सीएम के जालंधर में रहने से लोगों का मिलना आसान हुआ
जालंधर में मुख्यमंत्री के प्रवास पर कोहली ने कहा कि सीएम भगवंत मान का बीच-बीच में यहां रहना जालंधर और पूरे दोआबा क्षेत्र के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है। इससे स्थानीय समस्याओं का निपटारा मौके पर ही हो जाता है और लोगों को बार-बार चंडीगढ़ जाने की परेशानी से मुक्ति मिली है। वहीं, बीजेपी और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन और 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के बयानों पर चुटकी लेते हुए कोहली ने कहा कि विपक्षी दल खुद भ्रम की स्थिति में हैं।

